उत्तराखंड में बिगड़ा मौसम, दो दिन थमी चारधाम यात्रा; 5 जिलों में रेड अलर्ट

भारी बारिश की चेतावनी और मौसम विभाग के रेड-ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा को शनिवार दोपहर से रविवार तक रोकने का फैसला किया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

Knews DesK- उत्तराखंड में खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका के बीच चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शनिवार दोपहर से रविवार तक यात्रा पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में चारधाम यात्रा पर देश-विदेश से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन को मौसम पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

26 सितंबर यानी शनिवार को मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पांच जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर शामिल हैं। वहीं देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी के लिए येलो अलर्ट है।

27 सितंबर यानी रविवार को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रशासन ने जिलाधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के साथ संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। मौसम सामान्य होने तक श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित रखा जाएगा।

चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में पहुंचते हैं। भारी बारिश के दौरान इन क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बाधित होने और अन्य जोखिमों की आशंका बढ़ जाती है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया है। मौसम में सुधार के बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी और उसके आधार पर चारधाम यात्रा फिर से शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *