सीकर जिले की खाटूश्यामजी नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की विनीता पुनिया ने भाजपा की प्रेम देवी को महज एक वोट के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। हाई कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को 19 मतों की गिनती कर परिणाम घोषित किया गया।
Knews Desk– राजस्थान के सीकर जिले की खाटूश्यामजी नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की विनीता पुनिया ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा की प्रेम देवी को एक वोट के अंतर से हराया। राजस्थान हाई कोर्ट के निर्देश के बाद शनिवार को नगरपालिका सभागार में मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किया गया।
मतगणना से पहले शनिवार सुबह पुलिस थाने में बनाए गए स्ट्रांग रूम को खोला गया। रिटर्निंग अधिकारी कपिल उपाध्याय, एएसपी दीपक गर्ग, डीवाईएसपी राजेश कुमार जांगिड़ और अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मतपेटी को बाहर निकाला गया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच इसे नगरपालिका कार्यालय स्थित सभागार तक पहुंचाया गया, जहां मतों की गिनती की गई। भाजपा की अध्यक्ष पद की प्रत्याशी प्रेम देवी इस दौरान स्ट्रांग रूम नहीं पहुंचीं।
21 सितंबर को नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ था। नगरपालिका के कुल 20 पार्षदों में से 19 ने मतदान किया था, जबकि पार्षद लक्ष्मी देवी मतदान से अनुपस्थित रही थीं। मतदान के बाद मतपेटी को पुलिस थाने के स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया था।
राजस्थान हाई कोर्ट ने रिटर्निंग अधिकारी कपिल उपाध्याय को 24 घंटे के भीतर मतगणना कर परिणाम जारी करने के निर्देश दिए थे। इसी आदेश के तहत शनिवार को स्ट्रांग रूम से मतपेटी निकालकर नगरपालिका कार्यालय लाई गई और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतगणना पूरी की गई।
मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की व्यापक तैनाती की गई थी। डीवाईएसपी राजेश कुमार जांगिड़ के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। वहीं, नगरपालिका उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव रविवार को कराया जाएगा।
खाटूश्यामजी धार्मिक नगरी के रूप में जानी जाती है। ऐसे में यहां नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की हार को राजनीतिक तौर पर भी चर्चा में देखा जा रहा है। इससे पहले भाजपा को उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव में अयोध्या सीट पर भी हार का सामना करना पड़ा था।
इसके अलावा उत्तराखंड की धार्मिक नगरी बद्रीनाथ विधानसभा सीट पर जुलाई 2024 में हुए उपचुनाव में भी भाजपा को हार मिली थी। उस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी लखपत सिंह बुटोला ने भाजपा के राजेंद्र सिंह भंडारी को 5,224 वोटों से हराया था।