‘लव एंड वॉर’ से विकी कौशल का फर्स्ट लुक जारी, सिगरेट और चोट के निशान वाले रफ-टफ अंदाज ने मचाई हलचल

संजय लीला भंसाली की मच अवेटेड फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर दर्शकों का एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रहा है। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के बाद अब विकी कौशल का भी फर्स्ट लुक पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसमें उनका इंटेंस और रेट्रो अंदाज देखने को मिल रहा है।

knews desk – संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ लंबे समय से चर्चा में है। फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल की तिकड़ी पहली बार भंसाली के खास सिनेमाई अंदाज में नजर आएगी। रणबीर और आलिया के फर्स्ट लुक के बाद अब मेकर्स ने विकी कौशल का पहला लुक भी जारी कर दिया है।

पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर विकी कौशल का नया अवतार चर्चा में आ गया है। पोस्टर में विकी मुंह में सिगरेट दबाए और लाइटर से उसे सुलगाते हुए नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे और माथे पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं, जो उनके किरदार के किसी जंग या संघर्ष से जुड़े होने का संकेत देते हैं।

विकी कौशल के लुक में मूंछों और कर्ली हेयरस्टाइल के साथ डार्क ग्रीन शर्ट नजर आ रही है। उनका पूरा लुक 80 से 90 के दशक की रेट्रो वाइब देता है। इस इंटेंस और रफ-एंड-टफ अंदाज को फैंस सोशल मीडिया पर काफी पसंद कर रहे हैं।

मेकर्स ने विकी कौशल का पोस्टर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “नजर मिलेंगी, लेकिन हटेंगी नहीं।” पोस्टर के सामने आने के बाद फिल्म में विकी के किरदार को लेकर भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

फिल्म में विकी कौशल और रणबीर कपूर आमने-सामने नजर आ सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों कलाकार भारतीय वायु सेना के अधिकारियों की भूमिका में दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, उनके किरदारों और कहानी को लेकर मेकर्स की ओर से अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

इससे पहले रणबीर कपूर का फर्स्ट लुक भी जारी किया गया था, जिसमें वह विंटेज कार के साथ खून से सने हाथ और सनग्लासेज में नजर आए थे। वहीं, आलिया भट्ट ग्लैमरस कैबरे स्टाइल अवतार में दिखाई दी थीं। अब विकी कौशल के लुक ने फिल्म को लेकर चर्चा और बढ़ा दी है।

https://www.instagram.com/p/DdvZg__olH3/

‘लव एंड वॉर’ की कहानी को लेकर रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि फिल्म प्यार, देशभक्ति, वफादारी और बलिदान के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में रणबीर कपूर और विकी कौशल के बीच टकराव देखने को मिल सकता है। हालांकि, कहानी से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का अभी इंतजार है।

संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बन रही ‘लव एंड वॉर’ 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल को एक साथ बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शक काफी उत्साहित हैं।

विकी कौशल के वर्कफ्रंट की बात करें तो उनकी पिछली रिलीज फिल्म ‘छावा’ थी, जो 2025 में सिनेमाघरों में आई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा विकी जल्द ही ‘महावतार’ में भगवान परशुराम की भूमिका में नजर आने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *