इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, 22 साल की भावना की मौत से मचा हड़कंप

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक 22 वर्षीय विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी में भावना गोस्वामी का शव शुक्रवार देर शाम उसके किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। भावना बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस के मुताबिक, भावना की करीब दो साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हाफिजगंज थाना क्षेत्र के बंजरिया निवासी अभिषेक सक्सेना से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों अलग-अलग जाति से थे, जिसके चलते उनके परिवार शादी के लिए राजी नहीं हुए। इसके बाद दोनों घर से चले गए और प्रेम विवाह कर लिया।

शादी के बाद भावना और अभिषेक बरेली में ही किराए के मकान में रहने लगे। दोनों का चार महीने का एक बेटा भी है। बताया गया कि परिवार की ओर से इस रिश्ते को लेकर पहले भी मामला सामने आया था। भावना के परिवार ने शुरुआत में सीबीगंज थाने में मामला दर्ज कराया था। हालांकि, दोनों के बालिग होने के कारण पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई नहीं की गई थी।शुक्रवार देर शाम मकान मालकिन जब बाहर से वापस लौटीं, तो उन्हें कमरे के अंदर कुछ संदिग्ध नजर आया। उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो भावना फंदे से लटकी हुई थी। इसके बाद मकान मालकिन ने तत्काल स्थानीय इज्जतनगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर भावना के शव को नीचे उतारा।

घटना के समय भावना का पति अभिषेक घर पर मौजूद नहीं था। अभिषेक एक होटल में काम करता है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि भावना ने यह कदम क्यों उठाया और घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ था।इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।पुलिस मामले की जांच में परिवार, पति और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *