लोककथा और देवी से जुड़े रहस्यमयी सीन्स पर आधारित सुपरनैचुरल थ्रिलर फिल्म ‘द वन’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है, लेकिन तमन्ना भाटिया की एक्टिंग और स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ हो रही है।
knews desk – सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। लोककथा पर आधारित इस सुपरनैचुरल थ्रिलर में पुराने मंदिर, वन देवी और छठ पूजा से जुड़ी कहानी दिखाई गई है। फिल्म की शुरुआत रहस्यमयी माहौल के साथ होती है, लेकिन दूसरे हाफ में कहानी अपने मुख्य मुद्दे से भटकती नजर आती है। इसके बावजूद तमन्ना भाटिया के अभिनय को क्रिटिक्स की ओर से काफी सराहना मिल रही है।
फिल्म ने पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 8 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। करीब 80 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी इस फिल्म के लिए यह शुरुआत सम्मानजनक मानी जा रही है। अब वीकेंड पर फिल्म की कमाई में और उछाल आने की उम्मीद जताई जा रही है।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘द वन’ ने पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस से 8 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म के कुल 6746 शोज हुए और इसकी ऑक्यूपेंसी करीब 26 प्रतिशत रही। फिल्म का इंडियन ग्रॉस कलेक्शन 9.60 करोड़ रुपये बताया गया है। वहीं, ओवरऑल ऑक्यूपेंसी 28.5 प्रतिशत रही।
फिल्म के मॉर्निंग शोज की ऑक्यूपेंसी 12.23 प्रतिशत रही, जबकि नाइट शोज में यह बढ़कर 41 प्रतिशत तक पहुंच गई। इस तरह नाइट शोज फिल्म के लिए सबसे बेहतर रहे।
पहले दिन 8 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ‘द वन’ ने हालिया रिलीज हुई कुछ फिल्मों से बेहतर शुरुआत की है। सनी देओल और प्रीति जिंटा की ‘बंटवारा 1947’ ने पहले दिन 5.75 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ‘हैवान’ ने 3 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। इसके अलावा पिछले हफ्ते रिलीज हुई फिल्म ‘वाइब’ की बॉक्स ऑफिस रफ्तार पर भी ‘द वन’ की रिलीज का असर देखने को मिला है।
फिल्म की सबसे बड़ी कमजोरी के तौर पर इसके बीच में शामिल किए गए गानों को बताया जा रहा है। क्रिटिक्स के मुताबिक, हॉरर-थ्रिलर कहानी के बीच गानों की वजह से फिल्म का सस्पेंस कमजोर पड़ता है। साथ ही, जिस लोककथा और रहस्य को केंद्र में रखकर फिल्म बनाई गई है, उसे पर्दे पर पूरी तरह प्रभावी तरीके से पेश नहीं किया जा सका।
हालांकि, तमन्ना भाटिया की परफॉर्मेंस को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। खासकर लोककथा और देवी से जुड़े रहस्यमयी सीन्स में उनकी एक्टिंग और स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ की गई है।
फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के अलावा सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी, अनूप सोनी और मनीष पॉल भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। अब सभी की नजरें वीकेंड कलेक्शन पर हैं, जिससे पता चलेगा कि फिल्म अपनी शुरुआती कमाई को कितनी तेजी से आगे बढ़ा पाती है।