Knews Desk– Asian Games 2026 में भारतीय एथलीट्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिलाओं के शॉट पुट इवेंट में 36 साल की अनुभवी भारतीय एथलीट मनप्रीत कौर ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ वह एशियन गेम्स के महिला शॉट पुट इवेंट में पदक जीतने वाली भारत की सिर्फ तीसरी महिला एथलीट बन गई हैं। इस मेडल के साथ मौजूदा एशियन गेम्स में भारत के पदकों की संख्या 21 हो गई है।
मनप्रीत कौर का सफर संघर्षों से भरा रहा है। 5 मार्च 1990 को पंजाब के पटियाला में एक किसान परिवार में जन्मीं मनप्रीत को बचपन से ही खेलों का माहौल मिला। उनके पिता और चचेरे भाई खिलाड़ी थे। शुरुआत में उन्होंने 100 मीटर स्प्रिंट में हाथ आजमाया, लेकिन भाई की सलाह पर शॉट पुट को अपना करियर बनाया।
जब मनप्रीत सिर्फ 13 साल की थीं, तब उनके पिता का निधन हो गया। तीन साल बाद 16 साल की उम्र में उनकी मां लकवाग्रस्त हो गईं। इन मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने खेल नहीं छोड़ा और भारतीय रेलवे में नौकरी करते हुए ट्रेनिंग जारी रखी।
2015 में 55वीं नेशनल ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 17.96 मीटर के थ्रो के साथ उन्होंने गोल्ड जीता और 2016 रियो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने वाली इकलौती भारतीय महिला बनीं।
2017 में चीन के जिन्हुआ में 18.86 मीटर का थ्रो कर उन्होंने एशियन ग्रां प्री में गोल्ड जीता और उस सीजन वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर-1 बनीं। हालांकि, इसी दौरान स्टेरॉयड टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद 20 जुलाई 2017 से उन पर चार साल का बैन लगाया गया। उनके मेडल और रिकॉर्ड भी रद्द कर दिए गए।
2022 में बैन खत्म होने के बाद मनप्रीत ने खेल में वापसी की। अब 36 साल की उम्र में Asian Games 2026 में ब्रॉन्ज जीतकर उन्होंने अपने लंबे और संघर्षपूर्ण करियर में एक और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ दिया है।