यमुना एक्सप्रेसवे बस अग्निकांड: भाजपा नेता की पत्नी-बेटा लापता, आखिरी कॉल के बाद बंद हुआ फोन

Knews Desk– यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात हुए स्लीपर बस अग्निकांड के बाद महोबा के भाजपा जिला कोषाध्यक्ष नीरज गुप्ता के परिवार की चिंता बढ़ गई है। हादसे में उनकी पत्नी सुनीता गुप्ता और 25 वर्षीय बेटा शशांक गुप्ता भी लापता बताए जा रहे हैं। दोनों दिल्ली से महोबा जाने वाली उसी बस में सवार थे, जिसमें भीषण आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई। हादसे के बाद से मां-बेटे के मोबाइल फोन बंद हैं और परिवार उनकी जानकारी के लिए प्रशासन और पुलिस से संपर्क कर रहा है।परिवार के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9:36 बजे शशांक की अपने पिता नीरज गुप्ता से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद दोनों से संपर्क नहीं हो सका। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार और रिश्तेदारों ने उनकी तलाश शुरू की। पुलिस और प्रशासन भी मामले की जांच कर रहे हैं। फिलहाल सुनीता और शशांक की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस हादसे में कुल 9 यात्रियों की मौत हुई है। प्रशासन के मुताबिक, अब तक 6 मृतकों की पहचान की जा चुकी है, जबकि तीन शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। कुछ शव बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में पुलिस डीएनए जांच के जरिए भी पहचान कराने पर विचार कर रही है। परिवार को अब प्रशासन की ओर से मिलने वाली जानकारी का इंतजार है।दिल्ली से महोबा जा रही स्लीपर बस में बुधवार रात करीब 11:20 बजे आग लग गई थी। अधिकारियों के अनुसार, बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग लगने के बाद 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। करीब 15 यात्रियों को विशेष वाहन से महोबा भेजा गया, जबकि कुछ लोग निजी वाहनों से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। एक महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है।ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रवि शंकर नीम के अनुसार, हादसे में जिन मृतकों की पहचान हुई है, उनमें मध्य प्रदेश के छतरपुर की 31 वर्षीय श्रुति रावत, हमीरपुर की 65 वर्षीय उषा देवी, जालौन के 55 वर्षीय हर शरण गुप्ता, हिसार की 61 वर्षीय देवेंद्र भारद्वाज, हमीरपुर की 52 वर्षीय सरोज गुप्ता और 28 वर्षीय मयंक गुप्ता शामिल हैं।

शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। अधिकारियों के मुताबिक, बस की एयर-कंडीशनिंग प्रणाली में चिंगारी या धमाके के बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने की आशंका है। इसके बाद आग तेजी से बस के दूसरे हिस्सों में फैल गई।पुलिस के मुताबिक, आग लगने से पहले यात्रियों ने जलने की गंध महसूस की थी और चालक से बस रोकने की मांग की थी। आरोप है कि चालक और परिचालक ने बस नहीं रोकी। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है और चालक तथा परिचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। अब परिवारों की नजर मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पर है। वहीं, नीरज गुप्ता का परिवार सुनीता और शशांक के बारे में आधिकारिक जानकारी मिलने का इंतजार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *