Knews Desk– बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग यानी BPSSC ने बिहार दरोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया है। यह परीक्षा 27 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित की गई थी। आयोग ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब अभ्यर्थी परीक्षा में पेपर लीक, धांधली और अनियमितता के आरोप लगाते हुए लगातार आंदोलन कर रहे थे। अब आयोग की ओर से जल्द ही दोबारा परीक्षा की तारीख घोषित की जाएगी।BPSSC ने बिहार दरोगा भर्ती के लिए कुल 1,799 पदों पर आवेदन जारी किया था। इस भर्ती के लिए कुल 10,36,702 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक परीक्षा 18 और 19 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी। इसके बाद सफल उम्मीदवारों के लिए 27 मई 2026 को मुख्य लिखित परीक्षा दो पालियों में कराई गई थी।
मुख्य परीक्षा के बाद पेपर और आंसर-की लीक होने के आरोप सामने आए थे। इसके बाद अभ्यर्थियों ने परीक्षा की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए। अभ्यर्थियों ने परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित करने की मांग की थी। इस मांग को लेकर पटना में कई दिनों से आंदोलन भी चल रहा था।15 सितंबर को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी दरोगा मुख्य लिखित परीक्षा में कथित पेपर लीक, अनियमितता और पारदर्शिता की कमी के खिलाफ सड़कों पर उतर आए थे। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी जेपी गोलंबर और डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़े। इस दौरान पुलिस बैरिकेडिंग को पार करने की कोशिश भी की गई। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस ने कई आंदोलनकारी छात्रों को हिरासत में भी लिया था।प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। छात्रों की प्रमुख मांग थी कि मौजूदा परीक्षा को रद्द करके दोबारा परीक्षा आयोजित कराई जाए।
अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच पेपर और आंसर-की लीक मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU की SIT को सौंपी गई थी। जांच के दौरान कई परीक्षा केंद्रों पर गड़बड़ी के सबूत मिलने की बात सामने आई। EOU की जांच में यह भी पता चला कि दरोगा भर्ती परीक्षा का पेपर WhatsApp के बजाय Telegram ऐप पर ग्रुप बनाकर लीक और शेयर किया गया था।इन घटनाक्रमों के बाद BPSSC ने मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। आयोग ने अपने नोटिस में अभ्यर्थियों से असामाजिक तत्वों की ओर से फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। आयोग ने कहा है कि परीक्षा से जुड़ी आगे की जानकारी और नई परीक्षा की तारीख जल्द जारी की जाएगीBPSSC ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वह दरोगा मुख्य लिखित परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें। नई परीक्षा की तारीख और अन्य जरूरी निर्देश भी आधिकारिक माध्यम से ही जारी किए जाएंगे।