ECI में ज्ञानेश कुमार के साथ कौन हैं संधू और विवेक जोशी? SIR विवाद के बीच जानिए दोनों की प्रोफाइल

Knews Desk– इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया यानी ECI में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ चुनाव आयुक्त डॉ. एसएस संधू और डॉ. विवेक जोशी काम कर रहे हैं। SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को लेकर सामने आई एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दोनों चुनाव आयुक्तों ने पिछले 10 महीनों में आयोग के कुछ फैसलों पर 14 बार आपत्तियां दर्ज की हैं। दोनों अधिकारियों ने इन आपत्तियों को लिखित रूप में दर्ज कराया है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ECI के भीतर निर्णय लेने की प्रक्रिया और तीनों आयुक्तों के बीच मतभेद को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

हालांकि, इस मामले में चुनाव आयोग की ओर से अलग पक्ष भी सामने आया है। आयोग के सूत्रों के मुताबिक, SIR से जुड़े फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे और दोनों चुनाव आयुक्तों की मंजूरी इसमें शामिल थी। सूत्रों ने यह भी कहा कि दोनों आयुक्तों ने मतदाता सूची और डेटा से जुड़े कुछ मुद्दों पर अपनी चिंताएं जरूर रखी थीं, लेकिन इसे अंतिम फैसलों से असहमति के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।डॉ. एसएस संधू का पूरा नाम सुखबीर सिंह संधू है। वह उत्तराखंड कैडर के रिटायर्ड IAS अधिकारी हैं। उनका जन्म 1963 में हुआ था। उन्होंने अमृतसर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज से MBBS की पढ़ाई की। इसके अलावा उन्होंने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से इतिहास में MA किया और कानून की डिग्री भी हासिल की। डॉ. संधू 2021 में उत्तराखंड के मुख्य सचिव बनाए गए थे और 2024 में रिटायरमेंट तक इस पद पर रहे। मार्च 2024 में उन्हें चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था।

डॉ. संधू केंद्र सरकार में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। वह भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI के चेयरमैन रह चुके हैं। इसके अलावा शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव के तौर पर भी उन्होंने जिम्मेदारी संभाली। साल 2001 की जनगणना में बेहतर सेवा के लिए उन्हें राष्ट्रपति मेडल भी मिल चुका है।वहीं, डॉ. विवेक जोशी हरियाणा कैडर के रिटायर्ड IAS अधिकारी हैं। वह 1989 बैच के IAS अधिकारी हैं और फरवरी 2025 में चुनाव आयुक्त के तौर पर कार्यभार संभाला। इससे पहले वह हरियाणा के मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे। करीब 35 साल के प्रशासनिक करियर में डॉ. जोशी ने केंद्र सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों में काम किया है।

डॉ. विवेक जोशी कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के सचिव रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने वित्त, वस्त्र और महिला एवं बाल विकास मंत्रालयों में भी महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। वह भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त के पद पर भी रह चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI बोर्ड और भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI बोर्ड में सदस्य के रूप में भी काम किया है।शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो डॉ. जोशी ने IIT रुड़की से 1987 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में BE की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने स्विट्जरलैंड के ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट, जिनेवा से अंतर्राष्ट्रीय अर्थशास्त्र में PhD की। वह NTA के पूर्व चेयरमैन रहे 1992 बैच के IAS अधिकारी विनीत जोशी के बड़े भाई भी हैं।इस तरह डॉ. संधू और डॉ. जोशी दोनों का प्रशासनिक अनुभव लंबा रहा है। SIR को लेकर सामने आई आपत्तियों की रिपोर्ट ने फिलहाल दोनों चुनाव आयुक्तों को चर्चा में ला दिया है, जबकि आयोग की ओर से अंतिम फैसलों में सहमति होने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *