टेलीकॉम रेगुलेटर TRAI ने ग्राहकों के लिए सिर्फ कॉलिंग और SMS वाले रिचार्ज प्लान को लेकर बड़ा बदलाव किया है। नए नियमों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) ज्यादा संख्या में उपलब्ध कराने होंगे, जिनमें डेटा की सुविधा शामिल नहीं होगी। इस कदम का मकसद उन ग्राहकों को सस्ते और जरूरत के मुताबिक रिचार्ज विकल्प उपलब्ध कराना है, जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती।
Knews Desk- TRAI ने मंगलवार को टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (तेरहवां संशोधन) रेगुलेशन, 2026 जारी किया। नए नियमों के तहत टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स को सिर्फ वॉयस और SMS की सुविधा वाले ज्यादा STV उपलब्ध कराने होंगे। TRAI के मुताबिक, मौजूदा समय में ऐसे वाउचर सीमित संख्या में हैं और इनमें ज्यादातर लंबी वैलिडिटी वाले विकल्प शामिल हैं। इसके चलते कम आय वाले ग्राहकों के लिए कम कीमत और कम अवधि वाले रिचार्ज विकल्प सीमित थे।
TRAI ने बताया कि उसने 7 अप्रैल, 2026 को इस बदलाव को लेकर कंसल्टेशन पेपर जारी किया था। इस प्रक्रिया के दौरान स्टेकहोल्डर्स की ओर से 1,132 जवाब मिले। इसके बाद 15 जून को ओपन हाउस डिस्कशन भी किया गया और फीडबैक के आधार पर संशोधित नियमों को अंतिम रूप दिया गया।
नए नियमों के अनुसार, टेलीकॉम कंपनियों को केवल वॉयस और SMS वाले STV उपलब्ध कराने होंगे और इनकी कीमतों में उचित कटौती करनी होगी। खास तौर पर 30 दिन या उससे कम की वैलिडिटी वाले उन प्लान्स के लिए यह व्यवस्था लागू होगी, जिनमें वॉयस, SMS और डेटा की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा कंपनियों को ऐसा सिर्फ वॉयस और SMS वाला STV भी देना होगा, जिसकी वैलिडिटी हर महीने उसी तारीख को दोबारा शुरू हो सके। अगर किसी महीने में वह तारीख मौजूद नहीं है, तो उस महीने की आखिरी तारीख को रिन्यूअल की तारीख माना जाएगा।
इसके साथ ही टेलीकॉम ऑपरेटर्स को कम से कम एक ऐसा सिर्फ वॉयस और SMS वाला STV भी उपलब्ध कराना होगा, जिसकी वैलिडिटी ऊपर बताए गए विकल्प से ज्यादा होगी। इसकी वैलिडिटी उस वॉयस, SMS और डेटा वाले STV के बराबर होगी, जिसके आधार पर यह विकल्प दिया जा रहा है।
TRAI का कहना है कि नए टैरिफ फ्रेमवर्क से कम आय वाले ग्राहकों को अपनी जरूरत और आर्थिक क्षमता के अनुसार रिचार्ज चुनने में ज्यादा सुविधा मिलेगी। खास तौर पर ऐसे यूजर्स को फायदा होगा, जो डेटा वाले रिचार्ज का इस्तेमाल नहीं करना चाहते और सिर्फ कॉलिंग व SMS की सुविधा चाहते हैं।
यह बदलाव ऐसे समय में आया है जब टेलीकॉम कंपनियां अपनी कमाई और प्रति यूजर औसत रेवेन्यू यानी ARPU बढ़ाने पर जोर दे रही हैं। भारती एयरटेल ने अगस्त में कुछ अनलिमिटेड डेली-डेटा प्रीपेड प्लान की शुरुआती कीमत 299 रुपये से बढ़ाकर 349 रुपये कर दी थी। कंपनी का मोबाइल ARPU जून तिमाही में 264 रुपये रहा, जबकि एक साल पहले यह 250 रुपये था।