राजस्थान के प्रतापगढ़ में अवैध खनन रोकने पहुंचे वन विभाग के रेंजर प्रताप सिंह चुंडावत की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। आरोप है कि डंपर चालक ने रेंजर को बुलेट समेत करीब 50 मीटर तक घसीटा। घटना के बाद डंपर चालक और मौके पर मिट्टी खोद रहे जेसीबी चालक के फरार होने की बात सामने आई है।
Knews Desk- राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी वन क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे वन विभाग के रेंजर प्रताप सिंह चुंडावत को एक डंपर चालक ने कथित तौर पर कुचल दिया। घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे में गंभीर रूप से घायल रेंजर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग के अधिकारियों को वन क्षेत्र में अवैध खनन किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रताप सिंह अपने साथ कार्यरत वनपाल के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान मिट्टी से भरा एक डंपर तेज गति से आता हुआ दिखाई दिया। रेंजर ने डंपर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि चालक ने डंपर नहीं रोका और रेंजर को उनकी बुलेट मोटरसाइकिल समेत कुचल दिया।
बताया गया कि डंपर चालक रेंजर और उनकी बुलेट को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रताप सिंह को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें निंबाहेड़ा जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। इसके अलावा वहां मिट्टी की खुदाई कर रहे जेसीबी चालक के भी भागने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले की जांच की जा रही है।
वन क्षेत्र की मिट्टी का इस्तेमाल ईंट बनाने के लिए किया जाता है। खबर के अनुसार, यहां बिना वैधानिक स्वीकृति के मिट्टी का खनन किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना को लेकर वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।