Kullu Car Accident: शादी समारोह से लौट रहे एक ही गांव के पांच रिश्तेदार हादसे का शिकार हुए। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
Knews Desk– हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। NH-305 पर हरिपुर के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 350 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी पांच लोग एक ही गांव के रहने वाले और आपस में रिश्तेदार थे। सभी एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, सभी लोग एक रिश्तेदार के घर आयोजित शादी समारोह में गए थे। देर रात कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे कार से अपने गांव जाबोड़ा की ओर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान NH-305 पर हरिपुर के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की जानकारी मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों को हुई। इसके बाद पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और प्रशासन की टीमों को सूचना दी गई। रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर खाई में उतरकर बचाव अभियान चलाया। तलाशी के दौरान चार लोगों के शव बरामद किए गए, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राहुल राणा, बाल कृष्ण, विकास उर्फ विक्की और गुंजन के रूप में हुई है। चारों आनी तहसील के जाबोड़ा गांव के रहने वाले थे। वहीं, हादसे में घायल 29 वर्षीय सुरेश कुमार भी इसी गांव का निवासी है। उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) आनी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रामपुर अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।