Knews Desk – प्रभास की फिल्मों का फैन्स को बेसब्री से इंतजार है, लेकिन लगता है कि इस साल के अंत में भी उनकी वापसी नहीं होगी। हनु राघवपुडी की ‘फौजी’ पर फिलहाल काम किया जा रहा है और इसकी रिलीज को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। प्रभास के खाते में ‘स्पिरिट’, ‘कल्कि 2’ और ‘सलार 2’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। नाग अश्विन जल्द से जल्द ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल का काम पूरा करना चाहते हैं। यही वजह है कि फिल्म की शूटिंग अमिताभ बच्चन और कमल हासन के साथ शुरू कर दी गई है। जहां बिग बी फिल्म में अश्वत्थामा के रोल में हैं, वहीं कमल हासन सुप्रीम यास्किन के किरदार में नजर आएंगे। इसी बीच फिल्म को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। ऐसी चर्चा है कि एक पैन इंडिया स्टार फिल्म में कैमियो करने वाला है।
हाल ही में पिंकविला पर छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभास की फिल्म ‘कल्कि’ के सीक्वल के लिए मेकर्स ने एक पैन इंडिया एक्टर को फाइनल कर लिया है। फिल्म की टीम ने कास्टिंग पूरी कर ली है। वहीं, मेकर्स फिल्म की करीब 30 प्रतिशत शूटिंग भी पूरी कर चुके हैं। अब प्रभास का इंतजार है। जब वह सेट पर लौटेंगे, उसके बाद ही फिल्म का काम आगे बढ़ेगा। अमिताभ बच्चन और कमल हासन फिल्म के लिए शूटिंग शुरू कर चुके हैं।
इसी साल फरवरी में अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर ‘कल्कि 2’ के सेट की कुछ झलकियां शेयर की थीं। एक्टर को कमल हासन के साथ शूटिंग करते हुए देखा गया था। सेट पर पहुंचते ही उन्होंने कमल हासन को गले लगाया था। उन्होंने सेट पर कमल हासन के साथ बातचीत करते हुए अपनी तस्वीरें भी शेयर की थीं, जिन्हें फैन्स का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। खास बात यह है कि बिग बी और कमल हासन ने फिल्म के पहले पार्ट में कोई सीन साथ नहीं किया था। ऐसे में माना जा रहा है कि दोनों सीक्वल में एक साथ स्क्रीन शेयर कर सकते हैं।
दरअसल, कमल हासन का पहले पार्ट में ज्यादा सीन नहीं था और वह आखिर में ही नजर आए थे। हालांकि, यह साफ है कि इस बार विलेन के किरदार का कहर देखने को मिलेगा। वहीं, मेकर्स के लिए सबसे बड़ी टेंशन यह है कि इस बार फिल्म में दीपिका पादुकोण की जगह किसे लिया जाएगा। यूं तो साई पल्लवी का नाम भी सामने आ रहा है, लेकिन फिल्म में उनकी मौजूदगी को लेकर अभी कुछ कंफर्म नहीं है। अगर वह फिल्म में होती हैं तो दीपिका की जगह लेना आसान नहीं होगा। हालांकि, ‘कल्कि 2’ तक पहुंचने के लिए प्रभास को पहले अपने दो अन्य प्रोजेक्ट्स का काम पूरा करना है। अब देखना होगा कि वह इन फिल्मों को कब तक पूरा करते हैं।