सांप को मुंह से CPR देकर युवक ने बचाई जान, वायरल वीडियो देख हैरान हुए लोग

गुजरात के वापी में एक शख्स ने बेहोश पड़े सांप को CPR देकर उसकी जान बचाने की कोशिश की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Knews Desk– गुजरात के वलसाड जिले के वापी स्थित जीआईडीसी क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सांप पकड़ने वाले संजय पवार ने बेहोश पड़े एक सांप की जान बचाने के लिए उसे CPR दिया। संजय पवार का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनके इस प्रयास की चर्चा कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, रासायनिक प्रतिक्रिया के कारण सांप बेहोश हो गया था और उसके पेट में पानी भर गया था। उसकी हालत गंभीर देखकर संजय पवार ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे CPR देने का प्रयास शुरू किया। वीडियो में वह सांप को मुंह से सांस देते हुए दिखाई दे रहे हैं।

इस दौरान इंडिया जिलेटिन कंपनी के कर्मचारियों ने भी उनकी मदद की। CPR देने के बाद सांप में धीरे-धीरे हलचल शुरू हुई और उसकी हालत में सुधार आने लगा। हालत बेहतर होने के बाद सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।

सांप के संपर्क में आने से संक्रमण का खतरा होने के कारण एहतियात के तौर पर संजय पवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि जिस सांप को CPR दिया गया, वह जहरीला नहीं था।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग संजय पवार के इस प्रयास की सराहना कर रहे हैं। आमतौर पर सांप को देखकर लोग उससे दूर भागते हैं, लेकिन संजय ने उसकी जान बचाने के लिए जोखिम उठाया। इस घटना ने इंसानों के साथ-साथ जानवरों के प्रति भी संवेदना और दया का संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *