भारत का ब्रिक्स देशों को निर्यात 34 फीसदी बढ़ा, चीन सबसे बड़ा खरीदार

अप्रैल-अगस्त 2026-27 के दौरान चीन, रूस, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका को भारत से होने वाला निर्यात तेजी से बढ़ा है। इन चार देशों को निर्यात 19.9 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जिसमें चीन की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही।

Knews Desk- चालू वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती पांच महीनों में भारत के प्रमुख ब्रिक्स देशों के साथ व्यापार में बड़ा उछाल देखने को मिला है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से अगस्त के बीच चीन, रूस, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका को भारत का निर्यात 34 फीसदी बढ़कर 19.9 अरब डॉलर हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 14.9 अरब डॉलर था।

भारत के कुल निर्यात में इन चार देशों की हिस्सेदारी भी बढ़ी है। अप्रैल-अगस्त 2025-26 में जहां इनकी हिस्सेदारी 8.1 फीसदी थी, वहीं 2026-27 की समान अवधि में यह बढ़कर 9.2 फीसदी हो गई।

इस बढ़ोतरी में चीन की भूमिका सबसे बड़ी रही। अप्रैल-अगस्त 2026-27 के दौरान चीन को भारत का निर्यात 39 फीसदी बढ़कर 9.6 अरब डॉलर पहुंच गया। वहीं दक्षिण अफ्रीका को निर्यात में सबसे तेज 58 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।

ब्राजील और रूस को भी भारत के निर्यात में बढ़ोतरी हुई। इस अवधि में ब्राजील को निर्यात 13 फीसदी और रूस को 11 फीसदी बढ़ा। आंकड़ों से संकेत मिलता है कि ब्रिक्स के प्रमुख बाजार भारत के निर्यात कारोबार के लिए लगातार महत्वपूर्ण होते जा रहे हैं।

ब्रिक्स के अलावा जापान, इटली और दक्षिण कोरिया जैसे प्रमुख बाजारों में भी भारतीय निर्यात में अच्छी वृद्धि दर्ज की गई। अप्रैल-अगस्त 2026-27 के दौरान जापान को निर्यात 43 फीसदी बढ़कर 3.43 अरब डॉलर हो गया। इटली को निर्यात 30 फीसदी बढ़कर 3.92 अरब डॉलर और दक्षिण कोरिया को निर्यात 22 फीसदी बढ़कर 3.21 अरब डॉलर पहुंच गया।

ब्रिक्स की शुरुआत ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका से हुई थी। इसके बाद समूह का विस्तार हुआ और मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब तथा इंडोनेशिया जैसे देश इसमें शामिल हुए। साथ ही कई अन्य देशों को ब्रिक्स पार्टनर का दर्जा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *