पंजाब कांग्रेस नेता गुरप्रीत विक्की को जान से मारने की धमकी, पुर्तगाल नंबर से आया कॉल; बंबीहा गैंग का नाम लिया

Knews Desk – पंजाब के मानसा से कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह विक्की को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। गुरप्रीत विक्की के मुताबिक, गुरुवार को उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से धमकी भरा कॉल आया। इसके अलावा उन्हें व्हाट्सऐप पर एक वॉयस नोट भी भेजा गया। कॉल करने वाले ने खुद को बंबीहा गैंग से जुड़ा बताते हुए उन्हें दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला और उनके पिता बलकौर सिंह के खिलाफ बयानबाजी बंद करने की चेतावनी दी।

धमकी मिलने के बाद गुरप्रीत सिंह विक्की ने पुलिस से शिकायत की। उनकी शिकायत के आधार पर मानसा सदर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(3), 351(4) और 61 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अंतरराष्ट्रीय नंबर और धमकी से जुड़े इनपुट की जांच कर रही है।

गुरप्रीत विक्की का कहना है कि हाल में उन्होंने बलकौर सिंह के कुछ बयानों पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने सिद्धू मूसेवाला या उनके परिवार के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की थी। उनके मुताबिक, धमकी देने वाले ने उन्हें गोली मारने की बात कही और परिवार को भी धमकी दी। विक्की ने कॉल की रिकॉर्डिंग और वॉयस नोट पुलिस को सौंपने की बात कही है।

गुरप्रीत सिंह विक्की कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य हैं। वह पहले कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन भी रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में मानसा सीट से कांग्रेस टिकट के दावेदार हैं।

वहीं, इस मामले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात करने की जानकारी सामने आई है। विक्की ने दावा किया कि उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की है, लेकिन उन्हें अभी सुरक्षा कवर नहीं मिला है।

फिलहाल पुलिस धमकी देने वाले की पहचान और कॉल के स्रोत की जांच कर रही है। यह भी जांच का विषय है कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी गैंग से जुड़ा है या उसने केवल गैंग का नाम इस्तेमाल कर डराने की कोशिश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *