JDU में मतभेद की खबरों पर ललन सिंह की सफाई, बोले- ‘गुजरात में था’

Knews Desk – जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। शनिवार को पटना पहुंचे ललन सिंह ने कहा कि कार्यक्रम के समय वह गुजरात में थे और उन्हें इसकी पहले से जानकारी नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि जेडीयू पूरी तरह एकजुट है और पार्टी में किसी तरह का मतभेद नहीं है।

बता दें कि शुक्रवार को पटना में जेडीयू की ओर से विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के लिए प्रबोधन यानी ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। ललन सिंह और जेडीयू विधायक अनंत सिंह के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के बाद पार्टी के भीतर मतभेद को लेकर सवाल उठने लगे थे।

ललन सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर कई विधायकों ने उन्हें फोन किया था। उन्होंने सभी को बताया कि वह गुजरात में हैं और कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम से एक रात पहले निशांत कुमार ने उन्हें फोन किया था और उस दौरान भी उन्होंने अपनी व्यस्तता और गुजरात में होने की जानकारी दी थी। बाद में उन्होंने जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से भी फोन पर बात की।

ललन सिंह ने कहा कि जेडीयू का गठन नीतीश कुमार ने किया था और पार्टी में फैसले आपसी विचार-विमर्श और समन्वय से लिए जाते हैं। उन्होंने पार्टी के भीतर किसी भी तरह के विवाद से इनकार करते हुए कहा कि सभी नेता मिलकर काम कर रहे हैं।

वहीं, अनंत सिंह और जेडीयू नेता नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद पर सवाल पूछे जाने पर ललन सिंह ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी तरह का मतभेद नहीं है और इस मुद्दे को लेकर ज्यादा चर्चा की जरूरत नहीं है। अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर बयानबाजी हाल के दिनों में तेज हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *