‘वेट्टुवम’ में शोभिता का दमदार अंदाज देख खुश हुए नागार्जुन, बोले- बहुत मेहनत की है

Knews Desk – ‘वेट्टुवम’ के ग्लिम्प्स में शानदार प्रोडक्शन डिजाइन के साथ कलाकारों की मार्शल आर्ट ट्रेनिंग की झलक भी दिखाई गई है। शोभिता धुलिपाला फिल्म में राधी का किरदार निभा रही हैं। वीडियो में वह बाकी कलाकारों के साथ ग्रुप सेशन में हिस्सा लेती नजर आती हैं। वह एक्शन सीन्स की तैयारी करती और मार्शल आर्ट के अलग-अलग पोजिशन सीखती दिखाई दीं।

बहू शोभिता की मेहनत देखकर नागार्जुन भी उनकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने एक्स पर ग्लिम्प्स शेयर करते हुए फिल्म की दुनिया और शोभिता की मेहनत की तारीफ की। नागार्जुन ने लिखा कि उन्हें फिल्म की दुनिया काफी पसंद आई और शोभिता ने इसके लिए काफी मेहनत की है। उन्होंने फिल्म के लिए अपनी उत्सुकता भी जाहिर की।

‘वेट्टुवम’ को साइंस-फिक्शन एक्शन ड्रामा बताया जा रहा है। फिल्म की कहानी तीन अलग-अलग समय काल में आगे बढ़ती है और इसमें सत्ता तथा अधिकार की लड़ाई अहम भूमिका निभाती है। ग्लिम्प्स में ‘इंद्रा विजा’ नाम की एक प्रतियोगिता की झलक दिखाई गई है, जिसके जरिए अगले लीडर का चुनाव होने की बात सामने आती है।

फिल्म में वीआर दिनेश, आर्या और शोभिता धुलिपाला के अलावा अलैयारासन, माइम गोपी, गुरु सोमसुंदरम, शबीर कल्लारक्कल, जॉन विजय, साई धीना, आनंद सामी, हरीश उत्तमन और लिजी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

बता दें कि शोभिता धुलिपाला ने दिसंबर 2024 में नागार्जुन के बेटे और अभिनेता नागा चैतन्य से शादी की थी। हैदराबाद में हुई इस प्राइवेट सेरेमनी में परिवार और करीबी दोस्तों के अलावा सिनेमा जगत की कई हस्तियां शामिल हुई थीं। शादी के बाद नागार्जुन ने सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें शेयर करते हुए शोभिता का परिवार में स्वागत किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *