knews desk – एक समय टीवी के चर्चित कपल रहे गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला अपनी शादी और तलाक की खबरों को लेकर सुर्खियों में हैं। करीब 10 साल की शादी के बाद दोनों के अलग होने की खबर सामने आई थी। अब लॉकअप से बाहर आने के बाद आकांक्षा और गौरव पहली बार एक ही जगह पर नजर आए हैं। दोनों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो एकता कपूर के गणपति सेलिब्रेशन का बताया जा रहा है। इसमें आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना एक-दूसरे के आमने-सामने खड़े दिखाई दे रहे हैं। दोनों की नजरें भी एक-दूसरे से मिलती हैं, लेकिन दोनों ने बातचीत नहीं की। इस दौरान उनके बीच की दूरी साफ नजर आई।
इस खास मौके पर आकांक्षा पर्पल कलर की साड़ी में नजर आईं, जबकि गौरव खन्ना ने येलो कुर्ता पहना हुआ था। कभी एक-दूसरे के काफी करीब रहे इस कपल का एक ही कार्यक्रम में इस तरह आमना-सामना होना अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
आकांक्षा चमोला ने रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में अपनी शादी और गौरव खन्ना के साथ रिश्ते को लेकर कई खुलासे किए थे। उन्होंने शो के दौरान बताया था कि दोनों करीब एक साल से अलग रह रहे हैं और तलाक की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। आकांक्षा के मुताबिक, प्रक्रिया में सिर्फ कुछ औपचारिकताएं बाकी थीं।
https://www.instagram.com/reels/DdbjYGwhHi2/
गौरव खन्ना ने हालांकि अपने तलाक को लेकर सार्वजनिक तौर पर ज्यादा कुछ नहीं कहा है। दोनों की निजी जिंदगी को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन सामने आए इस वीडियो में दोनों के बीच किसी बातचीत की झलक नहीं दिखाई दी।
आकांक्षा और गौरव की शादी 24 नवंबर 2016 को कानपुर में हुई थी। बताया जाता है कि दोनों की पहली मुलाकात एक ऑडिशन के दौरान हुई थी, जिसके बाद उनका रिश्ता शुरू हुआ। शादी के करीब एक दशक बाद दोनों के रिश्ते में आई दूरी की खबरों ने उनके फैंस को हैरान कर दिया था।