मझोला थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। गिरोह का नेटवर्क मुरादाबाद के अलावा आसपास के जिलों और दिल्ली तक फैला होने की बात सामने आई है।
Knews Desk– मुरादाबाद में मझोला थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में सात स्प्लेंडर और एक बुलेट बाइक भी शामिल है।
पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता के दौरान एसपी क्राइम सुभाष गंगवार और सीओ सिविल लाइंस भास्कर कुमार ने मामले की जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेरठ निवासी मोहम्मद राशिद, जो वर्तमान में बिजनौर में रह रहा था, और संभल निवासी विपिन के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मझोला क्षेत्र के नया मुरादाबाद इलाके में चेकिंग के दौरान दोनों आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार मिले। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की तो बाइक के चोरी की होने का पता चला। जांच में सामने आया कि यह बुलेट वर्ष 2024 में चोरी की गई थी।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 10 चोरी की बाइक बरामद कर लीं। पुलिस का कहना है कि मोहम्मद राशिद मुरादाबाद, आसपास के जिलों और दिल्ली से दोपहिया वाहन चोरी करता था।
पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद वाहनों को आरोपी विपिन के हवाले किया जाता था। वह मोटरसाइकिलों के इंजन और चेसिस नंबर में बदलाव कर उनकी पहचान छिपाता था। इसके बाद फर्जी तरीके से इन वाहनों को दूसरे लोगों को बेच दिया जाता था।
एसपी क्राइम के मुताबिक, मोहम्मद राशिद के खिलाफ पहले से करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। विपिन का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहन खरीदने वाले लोगों की तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।