दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की कई फ्लाइट्स लेट और रद्द, सैकड़ों यात्री हुए परेशान

Knews Desk- दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को स्पाइसजेट की कई उड़ानों में देरी और कुछ उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऑपरेशनल समस्याओं के चलते एयरपोर्ट पर सैकड़ों यात्री फंस गए। दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की सहायता के लिए एयरलाइन और संबंधित पक्षों के साथ समन्वय की जानकारी दी और असुविधा पर खेद जताया।

फ्लाइट्स के शेड्यूल में अचानक बदलाव के बाद यात्रियों को अपनी उड़ानों की स्थिति जानने के लिए इंतजार करना पड़ा। समय पर जानकारी नहीं मिलने से कई यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिली।

स्पाइसजेट पहले भी परिचालन संबंधी समस्याओं को लेकर चर्चा में रही है। 15 सितंबर को दुबई जाने वाली उड़ानों के बार-बार रीशेड्यूल होने के बाद करीब 200 यात्रियों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर प्रदर्शन किया था। एयरलाइन ने उस समय एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की बात कही थी।

स्पाइसजेट लंबे समय से वित्तीय और परिचालन चुनौतियों का सामना कर रही है। सीमित संख्या में विमानों के संचालन के कारण किसी विमान में तकनीकी समस्या आने पर उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित होने की स्थिति बनती है।

इसके अलावा जुलाई में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने एयरलाइन पर वेबसाइट पर कथित ‘डार्क पैटर्न’ के इस्तेमाल को लेकर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *