रेलवे स्टेशनों पर अब लगेंगे स्मार्ट डस्टबिन, कचरा भरते ही सफाईकर्मियों को मिलेगा अलर्ट

KNEWS DESK- देशभर के रेलवे स्टेशनों पर अब कूड़ेदानों से बाहर फैलने वाला कचरा और दुर्गंध कम करने के लिए आधुनिक ‘वेस्ट कॉम्पैक्टर स्मार्ट डस्टबिन’ लगाए जाएंगे। रेलवे ने सभी जोन को इन स्मार्ट डस्टबिन की स्थापना के निर्देश दिए हैं। इनमें इनबिल्ट कॉम्पैक्टर और स्मार्ट IoT सेंसर लगाए जाएंगे।

स्मार्ट सेंसर की मदद से डस्टबिन के भरने पर हर 30 मिनट में सफाईकर्मियों के मोबाइल ऐप और फ्लीट डैशबोर्ड पर अलर्ट पहुंचेगा। इससे सफाईकर्मी समय रहते कचरा खाली कर सकेंगे। इन डस्टबिन की क्षमता 200 लीटर से अधिक होगी। स्मार्ट डस्टबिन में जमा सूखे कचरे को मशीन अपने आप दबाकर छोटा कर देगी। यह सिस्टम प्रतिदिन 100 बार तक कचरे को कंप्रेस कर सकता है, जिससे सामान्य डस्टबिन की तुलना में इसमें ज्यादा कचरा जमा हो सकेगा। रेलवे बोर्ड कैंटीन में दो ऐसे डस्टबिन का परीक्षण भी किया जा चुका है।

रेलवे के मुताबिक, सीलबंद व्यवस्था से प्लास्टिक और अन्य सूखा कचरा हवा या बारिश के कारण पटरियों और आसपास के जलस्रोतों में फैलने से रोका जा सकेगा। कुछ स्मार्ट डस्टबिन सौर ऊर्जा से भी संचालित होंगे, जिससे बिजली की खपत कम करने में मदद मिलेगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए इनमें फुट पैडल दिया जाएगा। पैर से पैडल दबाने पर इनवर्ड-ओपनिंग फ्लैप खुलेगा। डस्टबिन को वेदर-रेसिस्टेंट और मजबूत बनाया गया है, जिससे बारिश, धूप और जानवरों के कारण कचरा बाहर फैलने की समस्या कम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *