KNEWS DESK- श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में पुलिस आठ गिरफ्तार आरोपितों के अलावा दो अन्य लोगों को भी चार्जशीट में शामिल कर सकती है। पुलिस 22 से 25 सितंबर के बीच न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी में जुटी है।
25 जून को दर्ज मुकदमे की 90 दिन की समयसीमा 25 सितंबर को पूरी हो रही है। जांच के दौरान पुलिस को कुछ नए नाम सामने आए हैं। सूत्रों के मुताबिक, इनमें ऐसे लोग शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने कथित तौर पर गिरफ्तार आरोपितों की मदद की थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के साथ उनके आपसी संपर्क और मामले में उनकी भूमिका की भी जांच की है। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने कुछ नए नाम बताए थे। पुलिस अब इनकी भूमिका और मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर अंतिम फैसला लेगी।
प्रस्तावित चार्जशीट में आरोपितों के बयान, मंदिर परिसर की सीसीटीवी फुटेज, बरामद नकदी और आभूषण समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को शामिल किया जाएगा। पुलिस ने विवेचना से जुड़े दस्तावेजों और साक्ष्यों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मामले में टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, मनीष यादव, राजेश पाठक, अविनाश शुक्ल, करुणेश पांडेय और सुभाष श्रीवास्तव फिलहाल जेल में हैं।