‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में भुवन बाम ने अमिताभ-रेखा के अफेयर पर किया मजाक, मुकेश छाबड़ा ने तुरंत रोका

knews desk – ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का हालिया एपिसोड अपने मजेदार पलों की वजह से चर्चा में है। शो में कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा, एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी और कंटेंट क्रिएटर-एक्टर भुवन बाम, समय रैना के साथ पैनल में नजर आए। इस दौरान एक कंटेस्टेंट ने अमिताभ बच्चन की शानदार मिमिक्री की, जिसके बाद भुवन बाम ने अमिताभ बच्चन और रेखा से जुड़ी पुरानी चर्चाओं पर मजाक कर दिया। हालांकि, मुकेश छाबड़ा ने तुरंत उन्हें रोक दिया।

दरअसल, शो में प्रतीक भारद्वाज नाम के कंटेस्टेंट ने अमिताभ बच्चन की मिमिक्री की। उनकी परफॉर्मेंस से भुवन बाम काफी प्रभावित हुए। इसके बाद भुवन ने कंटेस्टेंट से मजाकिया अंदाज में पूछा, “आपके टैलेंट की कोई रेखा है?” भुवन के इस सवाल में अभिनेत्री रेखा की ओर इशारा था। उनकी बात सुनकर शो में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं।

हालांकि, भुवन का यह मजाक सुनकर मुकेश छाबड़ा ने उन्हें तुरंत रोक दिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “बेटा, तेरा अभी तो फिल्मी करियर शुरू हुआ है मेरी जान।” मुकेश की बात सुनने के बाद भी भुवन पीछे नहीं हटे और उन्होंने जवाब दिया, “मैं स्वतंत्र भी सही हूं।” दोनों के बीच हुई यह मजेदार बातचीत शो के माहौल को और हल्का-फुल्का बना देती है।

अमिताभ बच्चन और रेखा ने 1970 और 1980 के दशक में कई फिल्मों में साथ काम किया था। दोनों की जोड़ी ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘सुहाग’ और ‘सिलसिला’ जैसी फिल्मों में नजर आई। पर्दे पर दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। दोनों के कथित रिश्ते को लेकर लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं, हालांकि दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की।

रेखा ने साल 2001 में सिमी ग्रेवाल के शो ‘रेंडेजवस’ में अमिताभ बच्चन को लेकर सवाल पूछे जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें ऐसा कोई पुरुष, महिला या बच्चा नहीं मिला जो अमिताभ बच्चन से पूरी तरह प्यार न करता हो। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह खुद अमिताभ से प्यार करती हैं, तो रेखा ने इसका जवाब हां में दिया था।

‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के इस एपिसोड में भुवन बाम, मुकेश छाबड़ा और नवाजुद्दीन सिद्दीकी की मौजूदगी ने शो को खास बना दिया। कंटेस्टेंट की मिमिक्री से शुरू हुआ यह मजेदार सेगमेंट अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *