ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में शुक्रवार रात बड़ा हादसा टल गया। यहां ए टावर की छठवीं मंजिल से अचानक मलबा नीचे गुजर रही एक कार पर जा गिरा। घटना के वक्त आसपास महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया।
Knews Desk- बिसरख थाना क्षेत्र स्थित अजनारा होम्स सोसायटी में शुक्रवार रात करीब 9:50 बजे ए टावर की छठवीं मंजिल से अचानक मलबा गिरने की घटना सामने आई। मलबा नीचे से गुजर रही एक कार पर गिरा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि जिस स्थान पर मलबा गिरा, वहां उस समय तीन से चार महिलाएं और कुछ बच्चे भी मौजूद थे। हालांकि, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद सोसायटी के निवासियों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो सामने आने के बाद भवन की सुरक्षा और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सोसायटी में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
सोसायटी निवासी दिनकर पांडे के मुताबिक, मलबा छठवीं मंजिल से गिरकर सीधे नीचे गुजर रही कार पर आ गिरा। उनका कहना है कि जिस समय यह मलबा गिरा, वहां महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे। अगर मलबा किसी व्यक्ति के ऊपर गिरता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
निवासियों ने यह भी दावा किया कि सोसायटी की बिल्डिंग के स्ट्रक्चरल ऑडिट का मामला लंबे समय से लंबित है। उनके अनुसार, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से वर्ष 2025 में स्ट्रक्चरल ऑडिट के आदेश की बात कही गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सोसायटी में आए दिन सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं सामने आती रहती हैं। उनका कहना है कि यहां बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं, इसलिए भवन की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही गंभीर साबित हो सकती है। निवासियों ने संबंधित अधिकारियों और सोसायटी प्रबंधन से तत्काल भवन की जांच कराने और मलबा गिरने जैसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।