KNEWS DESK– तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के लिए एक ग्राम सोने की अंगूठी देने की योजना शुरू करने जा रहे हैं। ‘थाईमामन थंगा मोथिरम’ नाम की यह योजना तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के चुनावी वादों में शामिल रही है। इसे आधिकारिक तौर पर 28 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा।
सरकार के मुताबिक, 22 जून या उसके बाद सरकारी अस्पतालों में जन्मे बच्चे भी इस योजना के पात्र होंगे। हालांकि, मुदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव को देखते हुए वहां योजना लागू करने की अनुमति अभी चुनाव आयोग से नहीं मिली है। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा बढ़ाना, अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव को प्रोत्साहित करना और नवजात को मामा की ओर से सोना देने की पारंपरिक प्रथा को बढ़ावा देना है।
तमिलनाडु सरकार के अनुसार, राज्य में हर साल करीब 7.8 लाख बच्चों का जन्म होता है। इनमें लगभग 4.2 लाख यानी 53 प्रतिशत प्रसव सरकारी अस्पतालों में होते हैं।
योजना का लाभ तमिलनाडु की स्थायी निवासी माताओं के उन नवजात बच्चों को मिलेगा, जिनका RCH पहचान नंबर है और PICME पर पंजीकरण हुआ है। प्रत्येक अंगूठी पर यूनिक सीरियल नंबर होगा और इसे छेड़छाड़-रोधी पैकेजिंग में दिया जाएगा। सरकार के अनुसार, पहले चरण में 1.28 लाख अंगूठियां खरीदी जा चुकी हैं।