UGC NET June 2026 Result: NTA ने अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों के लिए जून 2026 सत्र का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
Knews Desk– राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने UGC NET जून 2026 के तीन विषयों अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी का रिजल्ट जारी कर दिया है। इन विषयों की परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड चेक और डाउनलोड कर सकते हैं।
NTA के मुताबिक, इन तीनों विषयों के लिए कुल 1,96,491 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 1,20,355 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। पंजीकृत उम्मीदवारों में 1,29,552 महिलाएं, 66,931 पुरुष और 8 थर्ड जेंडर उम्मीदवार शामिल थे।
अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की UGC NET परीक्षा 9 और 10 सितंबर 2026 को दोबारा आयोजित की गई थी। परीक्षा देशभर के 272 शहरों में बनाए गए 454 परीक्षा केंद्रों पर कराई गई थी।
रिजल्ट के साथ NTA ने अलग-अलग श्रेणियों में सफल उम्मीदवारों का आंकड़ा भी जारी किया है। जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए 824 अभ्यर्थी योग्य घोषित किए गए हैं। वहीं, 11,610 उम्मीदवारों ने असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पात्रता हासिल की है। केवल PhD श्रेणी के लिए 23,154 उम्मीदवार सफल हुए हैं।
आपत्तियों के निस्तारण के बाद घोषित हुआ परिणाम
NTA ने 10 से 13 सितंबर के बीच उम्मीदवारों के लिए प्रश्न पत्र, प्रोविजनल आंसर-की और रिकॉर्डेड आंसर उपलब्ध कराए थे। इस दौरान अभ्यर्थियों को प्रश्नों और उत्तरों को लेकर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया था। विशेषज्ञों की ओर से आपत्तियों की समीक्षा किए जाने के बाद फाइनल आंसर-की तैयार की गई और इसी के आधार पर परिणाम घोषित किया गया।
UGC NET का रिजल्ट चेक करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं। इसके बाद जून 2026 रिजल्ट या स्कोरकार्ड से संबंधित लिंक पर क्लिक करें। अब मांगी गई लॉगिन जानकारी दर्ज करके सबमिट करें। स्क्रीन पर आपका स्कोरकार्ड दिखाई देगा। इसे डाउनलोड कर लें और भविष्य के इस्तेमाल के लिए इसकी एक कॉपी सुरक्षित रख लें।