बिहार के वैशाली में एक लाइन होटल पर विवाद के बाद जमकर बवाल हुआ। आरोप है कि 50 से 60 युवकों ने पहुंचकर होटल में फायरिंग की, जिसमें एक ग्राहक गोली लगने से घायल हो गया। होटल संचालक ने बदमाशों पर अपहरण और ब्लेड से उंगली काटने का भी आरोप लगाया है।
Knews Desk- यह घटना वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बेदौली चौक स्थित विनोद सिंह ढाबा की बताई जा रही है। होटल संचालक राजा कुमार के मुताबिक, रात में होटल पर दो ग्राहकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया और कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई।
राजा कुमार का आरोप है कि विवाद के बाद एक पक्ष के लोगों ने फोन कर अपने करीब 50 से 60 साथियों को बुला लिया। कुछ देर बाद एक स्कॉर्पियो और लगभग 10 बाइक से कई युवक होटल पर पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। होटल संचालक के मुताबिक, 20 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाई गईं।
गोलीबारी के दौरान होटल में मौजूद एक ग्राहक गोली की चपेट में आ गया। घायल युवक की पहचान लालगंज थाना क्षेत्र के जफराबाद निवासी बलिराम यादव के 24 वर्षीय बेटे वैदेही कुमार यादव के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
होटल संचालक ने आरोप लगाया कि फायरिंग के बाद बदमाश उसे भी जबरन अपने साथ ले गए। राजा कुमार के अनुसार, उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर विवाद में शामिल दूसरे पक्ष के लोगों के नाम बताने के लिए दबाव बनाया गया।
राजा कुमार का दावा है कि उसने नाम बताने से इनकार किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर ब्लेड से उसकी उंगली काट दी। इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी लगातार दूसरे पक्ष के लोगों की जानकारी देने का दबाव बना रहे थे।
राजा कुमार ने बताया कि इसी दौरान आरोपियों को पुलिस के पहुंचने की खबर मिली, जिसके बाद वे उसे छोड़कर वहां से फरार हो गए। इसके बाद वह किसी तरह वापस होटल पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलने पर लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस फायरिंग, ग्राहक के घायल होने और होटल संचालक के अपहरण व मारपीट के आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में वास्तव में कितनी गोलियां चलाई गईं, कितने लोग इसमें शामिल थे और होटल संचालक की ओर से लगाए गए अपहरण और मारपीट के आरोपों की पूरी सच्चाई क्या है।