पंजाब की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा स्कीम से 5.10 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, जानें कौन-कौन सी सुविधाएं मिलती हैं

पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा स्कीम के तहत 5,10,807 श्रद्धालु धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। 50 वर्ष और उससे अधिक उम्र के पात्र लोगों को एसी स्लीपर बस, भोजन और ठहरने की सुविधा मुफ्त दी जा रही है।

Knews Desk- पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि 9 नवंबर 2025 को शुरू हुई मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा स्कीम के तहत अब तक 5.10 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजाब और दूसरे राज्यों के विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। फिलहाल योजना के तहत 95 एसी बसें संचालित हो रही हैं और इनके 12,485 फेरे पूरे हो चुके हैं।

इस योजना का लाभ 50 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोग उठा सकते हैं। पात्र श्रद्धालुओं को एसी स्लीपर बस से यात्रा के अलावा ठहरने और भोजन की सुविधा भी सरकार की ओर से मुफ्त उपलब्ध कराई जाती है।

सरकार ने 12 अगस्त 2026 को इस योजना का विस्तार किया। इसके बाद श्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी धाम, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन जैसे धार्मिक स्थलों को भी योजना में शामिल किया गया।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए प्रत्येक बस में सहायक कर्मचारियों और मेडिकल स्टाफ की टीम तैनात की गई है। यात्रा के अलग-अलग पड़ावों पर भी विशेष टीमों की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को जरूरत पड़ने पर सहायता मिल सके।

श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए एयर-कंडीशन्ड आवास की व्यवस्था की जाती है। यहां साफ-सफाई और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाता है। यात्रा के दौरान भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

पंजाब सरकार के मुताबिक यह योजना किसी विशेष वर्ग तक सीमित नहीं है। किसी भी क्षेत्र, जाति या धर्म से जुड़े 50 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग इसका लाभ ले सकते हैं। योजना का उद्देश्य धार्मिक स्थलों के दर्शन की इच्छा रखने वाले बुजुर्ग श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।

यात्रा पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद के साथ यादगार के तौर पर पीतल का गिलास भी दिया जाता है। मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर संबंधित टीमों को श्रद्धालुओं की सुविधा और यात्रा के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *