JSCB घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, झारखंड-ओडिशा के 7 ठिकानों पर छापेमारी

KNEWS DESK- झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक में कथित 4.14 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े की जांच अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) तक पहुंच गई है। ED की रांची टीम ने शुक्रवार को झारखंड और ओडिशा में कुल 7 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में PMLA की धारा 17 के तहत की जा रही है।

बताया जा रहा है कि जांच का संबंध झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक की सरायकेला शाखा में हुए कथित वित्तीय फर्जीवाड़े से है। इस मामले में कारोबारी संजय कुमार डालमिया का नाम भी सामने आया है। ED अब कथित घोटाले में हुए पैसों के लेन-देन और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच एजेंसी की टीम छापेमारी के दौरान बैंक रिकॉर्ड, वित्तीय दस्तावेज और संपत्तियों से जुड़े कागजात खंगाल रही है। ED यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित फर्जीवाड़े की रकम किन खातों के जरिए ट्रांसफर की गई और इस पूरे लेन-देन में किन लोगों की भूमिका रही।

मामले में बैंक के तत्कालीन अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। आरोप है कि अधिकारियों की कथित मिलीभगत से बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। ED यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित घोटाले से अर्जित रकम को कहीं मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए ठिकाने तो नहीं लगाया गया। फिलहाल झारखंड और ओडिशा के 7 ठिकानों पर ED की तलाशी और जांच की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और कथित फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *