एक मुक्के को लेकर भिड़े रवि किशन-मनोज तिवारी, 6 घंटे अटकी रही शूटिंग, आम्रपाली दुबे ने सुनाया किस्सा

Knews Desk – भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे इन दिनों सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ रही हैं। शो में वह अपनी बेबाकी के लिए चर्चा में हैं और माही विज के साथ उनकी नोकझोंक भी देखने को मिल रही है। इसी बीच उन्होंने भोजपुरी सिनेमा से जुड़ा एक पुराना किस्सा शेयर किया, जिसमें रवि किशन और मनोज तिवारी के बीच फाइट सीन को लेकर बहस हो गई थी।

आम्रपाली दुबे ने बताया कि फिल्म ‘गंगा जमुना सरस्वती’ में रवि किशन, मनोज तिवारी और दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ साथ काम कर रहे थे। फिल्म में रवि किशन और मनोज तिवारी को दुश्मनों का किरदार निभाना था। एक फाइट सीन की शूटिंग के दौरान दोनों कलाकार इस बात पर सहमत नहीं हो पा रहे थे कि पहला पंच कौन मारेगा।

पहले पंच को लेकर हुई बहस

आम्रपाली के मुताबिक, मनोज तिवारी का कहना था कि सीन में पुलिस उन्हें लेने आई है, इसलिए पुलिस ही पहले मारेगी। वहीं, रवि किशन का तर्क था कि पिछले डायलॉग में यह तय हो चुका है कि यह उनका इलाका है, तो कोई उन्हें कैसे मार सकता है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस बढ़ गई और शूटिंग रुक गई।

निरहुआ ने निकाला समाधान

जब मामला नहीं सुलझा, तो दिनेश लाल यादव ने दोनों के बीच आकर समाधान निकाला। आम्रपाली ने बताया कि उन्होंने सुझाव दिया कि दोनों एक-दूसरे को मारने के लिए हाथ उठाएं और वह बीच में आकर लड़ाई रोकने का सीन करें। इसके बाद करीब छह घंटे से अटका शूट आखिरकार आगे बढ़ सका।

आम्रपाली दुबे का यह किस्सा सुनकर ‘बिग बॉस 20’ के घर में मौजूद सदस्य भी हंसने लगे। उन्होंने बताया कि फिल्म के सेट पर हुई यह बहस भले ही लंबी चली, लेकिन आखिरकार एक छोटे से बदलाव से फाइट सीन शूट हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *