नोएडा में कार के अंदर लगी भीषण आग, युवक की जिंदा जलकर मौत

Knews Desk– नोएडा के सेक्टर-126 में देर रात कार के अंदर शराब पी रहे दो युवकों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक कार में आग लगने से एक युवक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई। आग के दौरान कार में लगे CNG सिलेंडर में भी जोरदार ब्लास्ट हुआ। हादसे में दूसरा युवक सुरक्षित बच गया

जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार देर रात करीब 11 बजे की है। कैब चालक राजेंद्र अपनी कार में सुशील नाम के युवक के साथ बैठकर शराब पी रहा था। दोनों ट्रक मार्केट के पास मौजूद थे। इसी दौरान राजेंद्र किसी काम से कार से बाहर उतर गया। कुछ ही देर बाद कार में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण कार में मौजूद सुशील बाहर नहीं निकल सका और अंदर फंस गया। आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

आग लगने के कुछ देर बाद कार में जोरदार धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि कार में CNG सिलेंडर लगा हुआ था, जो आग की वजह से ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार से युवक का शव बरामद किया।

पुलिस ने मृतक की पहचान सुशील के रूप में की है। हालांकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि वह कहां का रहने वाला था। पुलिस उसकी पहचान और पते से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार में बीड़ी पीने के दौरान आग लगी होगी। बताया गया कि कैब चालक राजेंद्र शराब पीने का आदी है और आसपास ही रहता है। घटना वाली रात भी उसने शराब के ठेके के पास एक युवक को अपनी कार में बैठाकर शराब पी थी।

एडिशनल डीसीपी अभय कुमार के मुताबिक, कार में CNG सिलेंडर लगा हुआ था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक के बारे में जानकारी जुटाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं, कार चालक राजेंद्र से भी पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *