कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रिश्तेदारों को वंदे भारत एक्सप्रेस में बैठाने पहुंचे 12 लोग ट्रेन के स्वचालित गेट बंद होने के बाद अंदर ही फंस गए। गेट नहीं खुलने पर उन्होंने उतरने के लिए हंगामा किया। ट्रेन स्टाफ की सूचना पर रविवार सुबह ट्रेन को इटावा जंक्शन पर रोककर सभी को उतारा गया। इसके बाद जुर्माना वसूलने और हिदायत देने के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
Knews Desk – गाड़ी संख्या 22415 बनारस-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार सुबह कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची थी। कानपुर के अलग-अलग क्षेत्रों से आए 12 लोग अपने नाते-रिश्तेदारों को ट्रेन में बैठाने के लिए अंदर चले गए। इसी दौरान ट्रेन के स्वचालित गेट बंद हो गए और सभी लोग अंदर ही फंस गए।
वंदे भारत एक्सप्रेस के गेट निर्धारित ठहराव वाले स्टेशनों पर ही खुलते हैं। बनारस के बाद ट्रेन प्रयागराज और कानपुर में रुकती है और इसके बाद सीधे नई दिल्ली पहुंचती है। ट्रेन के अंदर फंसे लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। गेट नहीं खुलने पर लोगों में अफरातफरी मच गई और उन्होंने ट्रेन रुकवाकर उतरने की कोशिश की।
ट्रेन स्टाफ के मना करने के बाद कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद स्टाफ ने टूंडला कंट्रोल को सूचना दी। कंट्रोल के निर्देश पर ट्रेन को सुबह 10:49 बजे इटावा जंक्शन पर रोका गया। स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना, आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और जीआरपी इंस्पेक्टर यदुवीर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
सभी 12 लोगों को ट्रेन से उतारकर आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि कंट्रोल की सूचना पर ट्रेन रुकवाकर लोगों को उतारा गया। हंगामा करने और प्लेटफार्म टिकट नहीं होने पर वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने प्रति व्यक्ति 3000 रुपये का टिकट बनाकर कुल 36,000 रुपये जुर्माना वसूला। सभी को दोबारा ऐसी गलती न करने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया।