Knews Desk – अहान पांडे और अनीत पड्डा ने फिल्म ‘सैयारा’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था। इस सफलता के बाद दोनों कलाकारों को बड़े प्रोजेक्ट्स मिले। अब दोनों की जोड़ी एक बार फिर निर्देशक मोहित सूरी की फिल्म में दिखाई देगी।
मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, मोहित सूरी अक्टूबर में मुंबई में यश राज फिल्म्स की इस अनटाइटल्ड फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। इसके बाद नवंबर में फिल्म का अगला शेड्यूल गोवा में शूट किया जाएगा। फिल्म को प्रोड्यूसर अक्षय विधानी के नेतृत्व में बनाया जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, मोहित सूरी ने जुलाई और अगस्त में फिल्म के लिए लुक टेस्ट पूरे कर लिए हैं। अक्टूबर में अंधेरी स्थित YRF स्टूडियो के इनडोर सेट पर शूटिंग शुरू करने की तैयारी है। पहले शेड्यूल में अहान और अनीत के किरदारों के इंट्रोडक्शन सीन और उनके घरों से जुड़े कुछ सीन फिल्माए जाएंगे।
फिल्म की कहानी को लेकर बताया जा रहा है कि यह एक मैच्योर और अलग तरह की लव स्टोरी होगी। प्रोड्यूसर अक्षय विधानी चाहते थे कि फिल्म आम रोमांटिक फिल्मों से अलग हो। ‘सैयारा’ के मुकाबले इस प्रोजेक्ट में एक्शन का तड़का भी देखने को मिलेगा।
अगर शूटिंग तय योजना के मुताबिक आगे बढ़ती है, तो फिल्म का काम दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट और टाइटल को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।