पीएम मोदी के जन्मदिन पर कर्तव्य पथ होगा रोशन, जलेंगे सवा लाख आशीर्वाद के दीये

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कर्तव्य पथ पर सवा लाख आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा मेगा रक्तदान शिविर, 108 कुंडलीय यज्ञ और श्रमिक सेवा केंद्र का शुभारंभ भी होगा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली सरकार एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इस दौरान परिवहन, सड़क, सीवरेज, जल शोधन, शिक्षा, बिजली और शहरी सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।

‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत गुरुवार शाम 7 बजे कर्तव्य पथ पर एक लाख दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घरों और आंगन में भी दीया जलाने की अपील की है। यह आयोजन प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाओं का प्रतीक होगा। त्यागराज स्टेडियम में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक मेगा रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसमें 2,500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। दिल्ली सरकार के अस्पतालों सहित कई सरकारी संस्थान, सेना अस्पताल, रेड क्रॉस, पुलिस, होम गार्ड और सामाजिक संगठन इसमें भाग लेंगे।

वहीं, खाटू श्याम दिल्ली धाम में प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए 108 कुंडलीय यज्ञ होगा। श्रमिकों को सरकारी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए श्रमिक सेवा केंद्र भी शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *