माचिस को लेकर विवाद ने लिया खूनी रूप, युवक की चाकू से हत्या; तीन आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के केशव पुरम इलाके में मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

Knews Desk- दिल्ली के कन्हैया नगर इलाके में माचिस को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की जान चली गई। घटना 15 सितंबर की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, केशव पुरम थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद चाकूबाजी हुई, जिसमें भवानी नाम के युवक की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है।

परिजनों के अनुसार, भवानी प्रसाद और आसाराम कन्हैया नगर में शराब के ठेके के पास मौजूद थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने भवानी से बीड़ी मांगी। आरोप है कि बीड़ी देने से मना करने पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई और आरोपियों ने दोनों पर चाकुओं से हमला कर दिया।

हालांकि, शुरुआती जानकारी में विवाद की वजह माचिस बताई गई थी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम

चाकू लगने से भवानी (30) गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, आसाराम (32) को भी हमले में चोटें आईं। अस्पताल में इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ और उसे छुट्टी दे दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही केशव पुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ कर विवाद की शुरुआत और हमले की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है।

BNS की धाराओं में FIR दर्ज

पुलिस ने FIR नंबर 321/2026 दर्ज की है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 109(1) के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *