बिहार में छात्रों के प्रदर्शन के बीच DGP समेत तीन बड़े अधिकारी छुट्टी पर, उठे सवाल

70वीं BPSC और BPSSC की सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी सड़कों पर हैं. इसी बीच बिहार के DGP, BPSC और BPSSC के अध्यक्ष छुट्टी पर चले गए हैं. तीनों पदों का अतिरिक्त प्रभार दूसरे अधिकारियों को सौंपा गया है.

Knews DESK- बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है. मंगलवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने पटना में मार्च निकालकर 70वीं BPSC परीक्षा और BPSSC की सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई. इसी दौरान राज्य के तीन अहम प्रशासनिक और परीक्षा संबंधी पदों पर बैठे अधिकारियों के छुट्टी पर जाने से चर्चा तेज हो गई है.

बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार 21 दिन की छुट्टी पर हैं. उनकी अनुपस्थिति में 1991 बैच की IPS अधिकारी प्रीता वर्मा को प्रभारी DGP की जिम्मेदारी दी गई है.

वहीं, बिहार लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष परमार रवि मनुभाई भी अवकाश पर चले गए हैं. उनकी जगह वरिष्ठ IAS अधिकारी हरजोत कौर को BPSC अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.

BPSSC चेयरमैन की जगह जितेंद्र कुमार संभाल रहे जिम्मेदारी

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के अध्यक्ष के. एस. द्विवेदी भी छुट्टी पर हैं. उनके स्थान पर वरिष्ठ IPS अधिकारी और केंद्रीय चयन परिषद के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार को BPSSC अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

तीनों अधिकारियों के एक साथ छुट्टी पर जाने का घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब अभ्यर्थी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच और परीक्षाएं दोबारा कराने की मांग कर रहे हैं. हालांकि, अधिकारियों के अवकाश पर जाने और छात्रों के प्रदर्शन के बीच किसी सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

CM आवास की ओर बढ़ रहे छात्रों को पुलिस ने रोका

मंगलवार को प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे थे. पुलिस ने उन्हें जेपी गोलंबर के पास रोक दिया. बारिश के बीच कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया.

कुछ प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक जाम करने का भी प्रयास किया. इस बीच, सरकार की ओर से परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के आदेश दिए जा चुके हैं. BPSSC की सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा और 70वीं BPSC परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों की मांगों पर विवाद बना हुआ है.

छात्रों के प्रदर्शन और तीन वरिष्ठ अधिकारियों के अवकाश पर जाने से बिहार में प्रशासनिक व्यवस्था और भर्ती परीक्षाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं. अब सबकी नजर सरकार की अगली कार्रवाई और जांच के नतीजों पर है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *