knews desk – उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार 16 नवंबर को दिल्ली में पार्टी की अहम बैठक हुई, जिसमें राहुल गांधी ने समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। राहुल गांधी ने कहा कि सपा के साथ सीटों का बंटवारा सम्मानजनक होना चाहिए और बातचीत में कांग्रेस के हितों को सबसे ऊपर रखा जाए।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, सांसद इमरान मसूद और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे। जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं से कहा कि सीट बंटवारे की बातचीत के दौरान कांग्रेस के हितों का ध्यान रखा जाए।
राहुल गांधी ने नेताओं से कहा, “हम तभी दखल देंगे जब बहुत जरूरी हो। समाजवादी पार्टी के साथ सम्मानजनक सीट बंटवारे के लिए हर संभव कोशिश करने की आपको पूरी आजादी है।” उनके इस निर्देश के बाद कांग्रेस ने सपा के साथ होने वाली बातचीत को लेकर अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
प्रियंका गांधी संभालेंगी सीट बंटवारे की बातचीत
बैठक में तय किया गया कि समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे की बातचीत की पूरी प्रक्रिया की कमान प्रियंका गांधी संभालेंगी। सपा के साथ बातचीत करने वाली कांग्रेस की समिति प्रियंका गांधी के संपर्क में रहेगी और उन्हें बातचीत से जुड़ी पूरी जानकारी देगी।
सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने पांच सदस्यीय समिति बनाई है। यह समिति अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे समेत अन्य मुद्दों पर मंथन और समन्वय करेगी। समिति में प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और आराधना मिश्रा मोना शामिल हैं।
दिसंबर से चुनाव प्रचार शुरू करने की तैयारी
कांग्रेस ने अपने नेताओं को दिसंबर से चुनाव प्रचार की तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी की योजना समाजवादी पार्टी के साथ साझा प्रचार कार्यक्रम तैयार करने की भी है। बताया जा रहा है कि सीट बंटवारे पर सहमति बनने के बाद राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव संयुक्त रूप से चुनाव प्रचार कर सकते हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम भी मौजूद रहे। बैठक में दिसंबर से प्रचार अभियान शुरू करने और सपा के साथ साझा कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने को लेकर चर्चा हुई।
सीटों की दावेदारी को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर
राहुल गांधी के निर्देश के बाद कांग्रेस नेताओं ने पार्टी मुख्यालय में भी बैठक की। यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद, सोशल मीडिया हेड सुप्रिया श्रीनेत और सीएलपी नेता वीरेंद्र चौधरी के बीच हुई बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में दिसंबर से प्रचार अभियान शुरू करने, मंगलवार को सपा के साथ होने वाली बातचीत में कांग्रेस की ओर से मांगी जाने वाली सीटों और अन्य मुद्दों पर मंथन किया गया। इसके अलावा सोशल मीडिया कैंपेन की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
कांग्रेस की ओर से मंगलवार 17 नवंबर को सपा के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा मोना और इमरान मसूद शामिल होंगे। पार्टी इस बैठक में अपनी सीटों की दावेदारी को मजबूती से रखने की तैयारी में है।
मंगलवार को सपा-कांग्रेस की पहली बैठक
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे के मुद्दे पर मंगलवार 17 नवंबर को पहली बैठक प्रस्तावित है। बैठक से पहले कांग्रेस ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। पार्टी का फोकस सम्मानजनक सीट बंटवारे के साथ अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी को मजबूत करने पर है।