knews desk – पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को फिर से खोलने की अपील की है। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर सीएम मान ने केंद्र सरकार से यह मांग उठाई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर कहा कि हर नानक नाम लेवा संगत बिछड़े गुरुधामों के खुले दर्शन-दीदार की अरदास करती है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खोला जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु लंबे समय से बिछड़े गुरुधामों के खुले दर्शन-दीदार की आस लगाए हुए हैं।
सीएम मान ने अपने पोस्ट में पंजाब विधानसभा में पारित प्रस्ताव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संगत की आस्था और उम्मीद को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने विधानसभा में भी करतारपुर साहिब कॉरिडोर को खोलने के संबंध में प्रस्ताव पारित किया था।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करेगी और जल्द ही करतारपुर साहिब कॉरिडोर को फिर से खोलने का आधिकारिक ऐलान करेगी।
बस हादसे में मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को तरनतारन जिले में दो बसों की टक्कर में मारे गए लोगों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। हादसे में घायल हुए लोगों को भी 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया गया।
शनिवार को नेशनल हाईवे-54 पर नौशेरा पन्नुआं के पास पंजाब सरकार की दो बसें आपस में टकरा गई थीं। हादसे में चार तीर्थयात्रियों और मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे एक व्यक्ति समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हुए। सीएम मान ने रविवार को अमृतसर के अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।