बिहार के जहानाबाद में एक विवाहित महिला और टेंपो चालक के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध चल रहा था. दोनों को मसौढ़ी के एक होटल में साथ पकड़ा गया, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी शादी करा दी.
kNEWS dESK- बिहार के जहानाबाद जिले में एक विवाहित महिला और टेंपो चालक के प्रेम संबंध का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. मंगलवार को दोनों मसौढ़ी के एक होटल में साथ मिले, जिसके बाद मामला सामने आया. इसके बाद दोनों को कड़ौना थाना लाया गया, जहां उनके परिजनों की मौजूदगी में शादी करा दी गई.
जानकारी के मुताबिक, महिला कड़ौना थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि युवक पटना के मसौढ़ी अनुमंडल के भगवानगंज का निवासी है. महिला का नाम काजल कुमारी और युवक का नाम रणधीर चौधरी बताया जा रहा है. दोनों के कुछ रिश्तेदार भी थाने पहुंचे थे.
टेंपो में मुलाकात से शुरू हुआ रिश्ता
बताया जाता है कि करीब एक साल पहले महिला टेंपो से सफर कर रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात चालक रणधीर से हुई. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और उन्होंने एक-दूसरे का मोबाइल नंबर ले लिया. इसके बाद मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए.
पति को हुआ शक, होटल पहुंचकर दोनों को पकड़ा
महिला का पति बाहर काम करता है. ससुराल वालों को उसके प्रेम संबंध का शक था. मंगलवार को जब महिला घर से निकली, तो उसके पति ने उसका पीछा किया. वह मसौढ़ी के एक होटल पहुंचा, जहां महिला अपने प्रेमी के साथ मौजूद थी. दोनों को साथ पकड़ने के बाद उन्हें गांव लाया गया.
प्रेमी की पत्नी के सामने हुई शादी
ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों की शादी करा दी. इस दौरान टेंपो चालक की पत्नी भी वहां मौजूद थी. अपने पति को उसकी प्रेमिका के साथ शादी करते देखकर वह रोने लगी. बताया जा रहा है कि टेंपो चालक के पहले से चार बच्चे हैं, जबकि महिला एक बच्चे की मां है. मामले में पुलिस की ओर से कानूनी कार्रवाई की जा रही है.