क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय हो गई है. दोनों 4 दिसंबर को लखनऊ के रामाडा होटल में विवाह के बंधन में बंधेंगे. जून 2025 में सगाई के बाद अब दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुट गए हैं.
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं. दोनों की शादी 4 दिसंबर को लखनऊ के रामाडा होटल में होगी. शादी को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. क्रिकेट और राजनीति से जुड़े इस चर्चित रिश्ते की वजह से विवाह समारोह पर दोनों क्षेत्रों की नजरें टिकी हैं.
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ में हुई थी. अब करीब डेढ़ साल बाद दोनों शादी करने जा रहे हैं. समारोह में परिवार के सदस्यों, करीबी दोस्तों और क्रिकेट व राजनीति जगत से जुड़े लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. प्रिया ने पहले बताया था कि फिलहाल अलग से रिसेप्शन आयोजित करने की योजना नहीं है.
शादी के लिए दिसंबर की तारीख चुनने की एक अहम वजह 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव भी मानी जा रही है. प्रिया सरोज सपा सांसद हैं और प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हैं. ऐसे में चुनावी गतिविधियां तेज होने से पहले शादी का कार्यक्रम पूरा करने की योजना है. लखनऊ दोनों के लिए पहले से खास रहा है, क्योंकि यहीं उनकी सगाई भी हुई थी.
गांव में शादी चाहती थीं प्रिया
प्रिया सरोज की इच्छा थी कि उनकी शादी गांव में हो. उन्होंने बताया था कि उनके परिवार में ज्यादातर शादियां गांव में हुई हैं. बचपन से उन्होंने गांव की पारंपरिक शादियां देखी हैं और उसी तरह विवाह करने का सपना था. हालांकि, दोनों की सार्वजनिक पहचान और मेहमानों की संख्या को देखते हुए अब शादी लखनऊ में आयोजित की जाएगी.
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की प्रेम कहानी की शुरुआत सोशल मीडिया से हुई थी. प्रिया की बहन खाने-पीने से जुड़ी सामग्री बनाती थीं और अपने पेज के प्रचार के लिए रिंकू से संपर्क करने का सुझाव मिला था. इसी सिलसिले में प्रिया को रिंकू का इंस्टाग्राम अकाउंट मिला.
शुरुआत में प्रिया किसी अनजान व्यक्ति से सीधे बात करने को लेकर सहज नहीं थीं. इसलिए उन्होंने अपना फोन भाई को दे दिया. करीब एक सप्ताह तक उनके भाई रिंकू से बातचीत करते रहे. इस दौरान क्रिकेटर नीतीश राणा भी रिंकू की ओर से बातचीत में शामिल रहे.
परिवार को मनाने में लगा समय
धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और परिवारों के बीच भी भरोसा कायम हुआ. प्रिया ने बताया था कि उनके परिवार में पहले प्रेम विवाह नहीं हुआ था. उनके पिता तूफानी सरोज भी शुरुआत में इस रिश्ते को लेकर सहज नहीं थे. परिवार चाहता था कि बेटी की शादी पढ़े-लिखे, संस्कारी और स्थिर नौकरी वाले युवक से हो.
रिंकू क्रिकेटर थे, इसलिए शुरुआत में परिवार को इस रिश्ते को लेकर कुछ संकोच था. लेकिन समय के साथ रिंकू के शानदार प्रदर्शन और बढ़ती पहचान ने परिवार की सोच बदल दी. दोनों परिवारों की सहमति के बाद रिश्ता शादी तक पहुंचा.
रिंकू सिंह के करियर का सबसे यादगार पल आईपीएल में आया, जब उन्होंने लगातार पांच छक्के लगाकर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिलाई. इस पारी ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई. इसके बाद उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम में जगह मिली और वह टी20 क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने में सफल रहे.
प्रिया प्यार से बुलाती हैं ‘आरके’
प्रिया सरोज ने बताया था कि वह रिंकू को उनके नाम से कम और ‘आरके’ कहकर ज्यादा बुलाती हैं. उन्होंने इसकी वजह पूर्वांचल की पारिवारिक परंपरा बताई, जहां कई परिवारों में पत्नी पति का नाम सीधे नहीं लेती. अब रिंकू और प्रिया की शादी का इंतजार उनके प्रशंसकों के साथ-साथ क्रिकेट और राजनीति से जुड़े लोगों को भी है.