गणेश चतुर्थी पर हैदराबाद के बेगमबाजार में स्थापित गणपति की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. पंचधातु से तैयार इस प्रतिमा पर 24 कैरेट सोने की परत चढ़ाई गई है और इसमें 3.8 लाख से अधिक अमेरिकी हीरे जड़े गए हैं.
Knews desk-गणेश चतुर्थी के मौके पर देशभर में भगवान गणेश की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. इसी क्रम में तेलंगाना के हैदराबाद स्थित बेगमबाजार के फीलखाना में स्थापित स्वर्ण गणेश प्रतिमा लोगों का ध्यान खींच रही है. करीब 48 किलोग्राम वजनी इस प्रतिमा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं.
आयोजकों के मुताबिक, गणपति की इस प्रतिमा को तैयार करने में आठ महीने का समय लगा. आठ कुशल कारीगरों ने मिलकर इसे तैयार किया है. प्रतिमा पर 24 कैरेट शुद्ध सोने की परत चढ़ाई गई है, जबकि इसकी सजावट में 3.8 लाख से अधिक अमेरिकी हीरों का इस्तेमाल किया गया है.
यह प्रतिमा केवल सोने और हीरों की सजावट के लिए ही खास नहीं है, बल्कि इसकी बनावट और नक्काशी भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है. गणपति की प्रतिमा पंचधातु से बनाई गई है और इसका आधार पीतल का है. प्रतिमा के पीछे भगवान विष्णु के दस अवतारों की कलाकृतियां उकेरी गई हैं, जो इसकी खूबसूरती को और बढ़ाती हैं.
लालबागचा राजा और तिरुपति बालाजी से प्रेरित सजावट
आयोजकों ने गणपति को खास राजसी रूप देने के लिए महाराष्ट्र के प्रसिद्ध लालबागचा राजा और तिरुपति के भगवान वेंकटेश्वर की सजावट से प्रेरणा ली है. प्रतिमा में तिरुपति बालाजी जैसी अलंकरण शैली के साथ लालबागचा राजा जैसा भव्य और राजसी स्वरूप नजर आता है.
प्रतिमा की अनोखी सजावट, बारीक कारीगरी और भव्यता श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही है. दर्शन के लिए पहुंच रहे भक्त गणपति की प्रतिमा को देखकर इसकी सुंदरता और भव्यता की सराहना कर रहे हैं.