KNEWS DESK- गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सिया की बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की और आरोपी को गिरफ्तार किया।

गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में थाना सेक्टर-56 में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 109 जोड़ी गई है। यह धारा हत्या के प्रयास से संबंधित है।
सिया का आरोप है कि वह रविवार सुबह अपनी अप्रिलिया आरएस 457 बाइक से कुछ अन्य बाइक सवारों के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर जा रही थीं। इसी दौरान एक कार उनके पीछे आई। सिया के मुताबिक, कार सवारों ने उनके साथ बदसलूकी की और कुछ दूरी तक पीछा किया। वह तीसरी लेन में सामान्य गति से बाइक चला रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गईं और कई मीटर तक घिसटती चली गईं। हादसे में उन्हें मामूली चोटें आईं। उनका आरोप है कि कार चालक ने लाल बत्ती पार कर मौके से फरार होने से पहले रुकने से इनकार किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच भी शुरू कर दी है। पुलिस पीड़िता के घर पहुंचकर भी जानकारी जुटा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।