Highway Toll System: मार्च 2027 तक सभी टोल प्लाजा होंगे बैरियर-फ्री, बिना रुके कटेगा टोल

KNEWS DESK- हाईवे पर सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के मुताबिक, मार्च 2027 तक देश के सभी नेशनल हाईवे टोल प्लाजा को बैरियर-फ्री बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद वाहन चालकों को टोल चुकाने के लिए लंबी कतारों में रुकना नहीं पड़ेगा।

सरकार फास्टैग के साथ ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन यानी ANPR तकनीक और मल्टी-लेन फ्री-फ्लो टोलिंग सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रही है। इस व्यवस्था में हाईवे पर लगे कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन करेंगे और लिंक्ड बैंक अकाउंट से टोल की रकम अपने आप कट जाएगी। गडकरी ने बताया कि दिसंबर 2026 तक 70 फीसदी से अधिक टोल बूथ बैरियर-फ्री किए जाने की योजना है। वहीं मार्च 2027 तक सभी टोल प्लाजा को इस व्यवस्था से जोड़ने का लक्ष्य है। देश में अब तक 13 करोड़ से अधिक फास्टैग जारी किए जा चुके हैं और नेशनल हाईवे पर इसकी पहुंच 98 फीसदी से ज्यादा है।

नए सिस्टम से यात्रियों का समय और ईंधन दोनों बचेंगे। सरकार के अनुसार, टोल प्लाजा पर वाहनों के रुकने से हर साल करीब 5,250 करोड़ रुपये के ईंधन की खपत होती है। बैरियर-फ्री व्यवस्था से इस खर्च में कमी आएगी।

फास्टैग से टोल कलेक्शन में पहले ही करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इससे सरकार को 7,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिला है। गडकरी के मुताबिक, नई व्यवस्था पूरी तरह लागू होने के बाद सरकार को हर साल 20 से 25 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त फायदा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *