नंदीग्राम उपचुनाव में बीजेपी का दांव, शुभेंदु अधिकारी के पूर्व PA की मां को मिला टिकट; 6 अक्टूबर को मतदान

KNEWS DESK- पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने नंदीग्राम से हसीरानी रथ और रेजीनगर से शाखारव सरकार को टिकट दिया है। हसीरानी रथ, शुभेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ की मई में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई है, जबकि रेजीनगर सीट आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंगलवार को दोनों उम्मीदवारों के नामों की औपचारिक घोषणा की।

नंदीग्राम में तृणमूल कांग्रेस ने संचिता प्रधान और रेजीनगर में रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने नंदीग्राम से मिलन प्रधान और रेजीनगर से मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफ़ी को मैदान में उतारा है। वहीं, माकपा ने रेजीनगर से एडवोकेट सईद असद अली और भाकपा ने नंदीग्राम से शांति गोपाल गिरि को टिकट दिया है।

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा और 9 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 16 सितंबर है, जबकि 19 सितंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उपचुनाव को लेकर राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *