बिहार के वैशाली में छठ महापर्व के बीच राजद नेता केदार यादव ने EVM हटाने और लोकतंत्र बचाने की मांग को लेकर दंडवत यात्रा शुरू की। भगवानपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, EVM हटाओ’ का पोस्टर लेकर वह तेजस्वी घाट के लिए रवाना हुए। केदार यादव ने कहा कि अब उन्हें छठी मैया से ही उम्मीद है और वह EVM हटाने की प्रार्थना कर रहे हैं।
Knews Desk – वैशाली के भगवानपुर में राजद नेता केदार यादव ने छठ महापर्व के दौरान दंडवत यात्रा शुरू की। वह ‘लोकतंत्र बचाओ, EVM हटाओ’ का पोस्टर लेकर तेजस्वी घाट की ओर रवाना हुए।
केदार यादव ने कहा, “हे छठी मैया अब आप ही सहारा हैं।” उन्होंने कहा कि EVM हटाने के लिए वह दंडवत यात्रा कर रहे हैं और तेजस्वी छठ घाट जा रहे हैं। उन्होंने छठी मैया से जल्द से जल्द देश से EVM हटाने की प्रार्थना की।
‘EVM नहीं हटा तो लोकतंत्र नहीं बचेगा’
केदार यादव ने आरोप लगाया कि जब तक EVM नहीं हटेगी, तब तक लोकतंत्र नहीं बचेगा। उन्होंने बीजेपी की राजनीति को भी EVM से जोड़ते हुए दावा किया कि EVM हटने के बाद बीजेपी चली जाएगी।
राजद नेता ने कहा कि EVM हटाने की मांग को लेकर कई रैलियां हो चुकी हैं, लेकिन EVM नहीं हटाई गई। इसी वजह से अब वह छठी मैया की शरण में पहुंचे हैं।
8 किलोमीटर की दंडवत यात्रा
केदार यादव के मुताबिक, तेजस्वी घाट तक करीब 8 किलोमीटर की दूरी है और दंडवत यात्रा पूरी करने में करीब दो घंटे का समय लगेगा। उन्होंने कहा कि वह उगते हुए सूर्य की शरण में जाकर छठी मैया से लोकतंत्र बचाने और EVM हटाने की प्रार्थना करेंगे।
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे।
संध्या अर्घ्य के दौरान श्रद्धालु ठेकुआ, फल, गन्ना और अन्य प्रसाद को पारंपरिक सूप में सजाकर सूर्य देव को अर्पित करते हैं। परिवार के लोग घाटों पर एकत्र होकर सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार के कल्याण की कामना करते हैं।