KNEWS DESK- महिंद्रा अपनी लोकप्रिय ऑफ-रोड SUV थार को नए अवतार में पेश करने की तैयारी कर रही है. लॉन्च से पहले इसका टेस्ट मॉडल एक बार फिर सड़कों पर नजर आया है. नई थार में फ्रंट डिजाइन से लेकर केबिन के फीचर्स तक कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं. हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च डेट और आधिकारिक स्पेसिफिकेशन की घोषणा नहीं की है.

महिंद्रा थार भारतीय बाजार में अपनी दमदार ऑफ-रोड क्षमता और आइकॉनिक डिजाइन के लिए जानी जाती है. कंपनी ने 2025 में इसके मौजूदा मॉडल को कुछ अपडेट दिए थे. अब फेसलिफ्ट वर्जन के जरिए SUV को और ज्यादा आधुनिक बनाने की तैयारी है. स्पाई तस्वीरों के आधार पर माना जा रहा है कि नई थार की टेस्टिंग अंतिम चरण में पहुंच सकती है.
नई थार के फ्रंट में दिखेंगे बड़े बदलाव
नई थार फेसलिफ्ट के डिजाइन में सबसे ज्यादा बदलाव फ्रंट हिस्से में देखने को मिल सकते हैं. टेस्ट मॉडल की तस्वीरों से संकेत मिलता है कि इसमें नई ग्रिल दी जा सकती है, जिसका डिजाइन थार Roxx से प्रेरित हो सकता है. इसके अलावा SUV में गोल प्रोजेक्टर LED हेडलाइट्स और C-शेप LED DRLs मिलने की उम्मीद है. फ्रंट बंपर को भी नए डिजाइन के साथ पेश किया जा सकता है. इसमें कॉर्नरिंग फंक्शन वाले LED फॉग लैंप दिए जाने की संभावना है.

साइड और रियर प्रोफाइल में कितना बदलाव?
नई थार का साइड प्रोफाइल मौजूदा मॉडल से काफी मिलता-जुलता रह सकता है. कंपनी के डिजाइन में बदलाव का मुख्य फोकस फ्रंट हिस्से पर रहने की उम्मीद है. रियर में स्पेयर व्हील के साथ स्प्लिट टेलगेट डिजाइन जारी रह सकता है. हालांकि, टेललाइट्स और रियर बंपर में मामूली बदलाव किए जा सकते हैं. SUV में नए डिजाइन के अलॉय व्हील भी मिल सकते हैं. इनका साइज मौजूदा मॉडल की तरह 18 इंच रहने की संभावना है.
केबिन में मिल सकते हैं प्रीमियम फीचर्स
फेसलिफ्ट मॉडल के इंटीरियर में भी कई अपडेट किए जाने की उम्मीद है. संभावित फीचर्स की बात करें तो इसमें TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और ऑटो-डिमिंग IRVM शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा फ्रंट सीटों में वेंटिलेशन, बेहतर क्वालिटी की परफोरेटेड लेदरेट अपहोल्स्ट्री और साइड पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है. टॉप LX वेरिएंट में लेवल-2 ADAS को विकल्प के तौर पर शामिल किया जा सकता है. नई थार में प्रीमियम साउंड सिस्टम और सॉफ्ट-टच इंटीरियर जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं. हालांकि, इन सभी फीचर्स की पुष्टि आधिकारिक लॉन्च के समय ही होगी.
इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद कम
नई थार फेसलिफ्ट के इंजन में बड़े बदलाव की संभावना कम है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें मौजूदा इंजन विकल्प जारी रह सकते हैं.1.5-लीटर टर्बो डीजल इंजन, 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन, 2.2-लीटर टर्बो डीजल इंजन, 1.5-लीटर डीजल इंजन को मैनुअल गियरबॉक्स और रियर-व्हील ड्राइव के साथ पेश किया जा सकता है. वहीं, 2.0-लीटर पेट्रोल और 2.2-लीटर डीजल इंजन में ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और 4-व्हील ड्राइव का विकल्प जारी रहने की उम्मीद है.
कब लॉन्च होगी नई महिंद्रा थार?
नई थार फेसलिफ्ट की लॉन्च डेट को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. टेस्टिंग के दौरान नजर आने के कारण इसके जल्द बाजार में आने की उम्मीद जताई जा रही है. कंपनी लॉन्च के समय इसकी कीमत, वेरिएंट, फीचर्स और इंजन से जुड़ी पूरी जानकारी साझा करेगी.
नई थार के डिजाइन और फीचर्स से जुड़ी कई जानकारियां स्पाई तस्वीरों और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं. आधिकारिक घोषणा होने तक इन्हें संभावित अपडेट के तौर पर ही देखा जाना चाहिए.