KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान मतदाता सूची में गड़बड़ी मिलने पर BLO से लेकर ERO और AERO तक की जवाबदेही तय की जाएगी। डुप्लीकेट नाम, गलत उम्र, जेंडर, नाम या पते की त्रुटियों के साथ गलत तरीके से नाम जोड़ने या हटाने पर संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
BLO और सुपरवाइजर पर कार्रवाई
निर्वाचन आयोग ने BLO के कामकाज के मूल्यांकन के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक की अवधि तय की है। इस दौरान गंभीर लापरवाही सामने आने पर त्रुटियों की संख्या और गंभीरता के आधार पर BLO के एक महीने तक के मानदेय में कटौती की जा सकती है।
BLO सुपरवाइजर भी जवाबदेही के दायरे में रहेंगे। एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों या अनुभागों में दर्ज मिलने पर पर्यवेक्षण में लापरवाही के लिए उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।
ERO-AERO की भी तय होगी जिम्मेदारी
ERO और AERO के कामकाज की समीक्षा 7 नवंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक होगी। प्रपत्रों की जांच, दावे-आपत्तियों के निस्तारण या नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही मिलने पर उनके मानदेय में अधिकतम कटौती की जा सकती है।
नागरिकों को भी मिलेगा सम्मान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूची का नियमित गुणवत्ता परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नागरिकों को वास्तविक त्रुटियों की पहचान कर सूचना देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। सबसे अधिक वास्तविक गलतियां पकड़ने वाले नागरिकों को जिला निर्वाचन अधिकारी सम्मानित करेंगे। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।