KNEWS DESK- महाराष्ट्र में MPSC की ऑनलाइन परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। अब ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने भी छात्रों के आंदोलन में शामिल होने का ऐलान किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि CJP महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) के अभ्यर्थियों के साथ खड़ी है और आयोग के चेयरमैन व सेक्रेटरी के इस्तीफे तक संघर्ष जारी रहेगा।
CJP की ओर से जारी बयान के मुताबिक, छत्रपति संभाजीनगर के वालुज क्षेत्र में MPSC अभ्यर्थियों के एक समूह ने अभिजीत दिपके से मुलाकात की। इसके बाद पार्टी ने चेतावनी दी कि अगर 24 सितंबर तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो राज्यभर में उम्मीदवारों से संवाद कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
दिपके ने वीडियो संदेश में कहा कि CJP और उसके कार्यकर्ता छात्रों के साथ प्रदर्शन में शामिल होंगे। अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, कथित पेपर लीक और परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
इससे पहले लातूर में भी हजारों छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसमें NCP-SP विधायक रोहित पवार शामिल हुए और उन्होंने MPSC चेयरमैन के इस्तीफे की मांग की। पवार ने धाराशिव के अभ्यर्थी प्रथमेश देशमुख और कोल्हापुर के सुशांत बल्लाल की मौत का मुद्दा उठाते हुए सिस्टम को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने छात्रों से आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठाने की अपील की।
रोहित पवार ने आरोप लगाया कि सरकार ने छात्रों के आंदोलन पर देर से ध्यान दिया। उन्होंने 23 अक्टूबर को प्रस्तावित ग्रुप-C परीक्षा टालने के फैसले पर भी सवाल उठाए। छात्रों का कहना है कि आयोग को परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।