सेमिनार के बहाने नर्स को दिल्ली लाया, दुष्कर्म के आरोप में डॉक्टर गिरफ्तार

सोनीपत की नर्स ने डॉक्टर पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. आरोपी ने यूक्रेन से MBBS की पढ़ाई की है और दिल्ली के कई अस्पतालों में सेवाएं दे चुका है.

Knews Desk- दिल्ली के मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने सोनीपत की एक नर्स से दुष्कर्म के आरोप में डॉक्टर मोहित को गिरफ्तार किया है. आरोपी संजय गांधी अस्पताल में अस्थायी तौर पर तैनात था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है. मामले में पीड़िता के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए जाने हैं.

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, पीड़िता हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली में परिवार के साथ रहती है और एक बड़े अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करती है. डॉक्टर मोहित भी इसी अस्पताल में महीने में कुछ दिन सेवाएं देने के लिए जाता था. इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई.

आरोप है कि डॉक्टर ने नर्स को दिल्ली में आयोजित एक सेमिनार में शामिल होने के लिए बुलाया था. 18 अगस्त को वह बाइक से नर्स को लेकर दिल्ली पहुंचा.

रेस्टोरेंट में नशीला पदार्थ देने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि डॉक्टर उसे पंजाबी बाग के एक रेस्टोरेंट में ले गया, जहां दोनों ने खाना खाया. आरोप है कि इसी दौरान डॉक्टर ने उसकी कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया.

पेय पदार्थ पीने के बाद नर्स की तबीयत बिगड़ने लगी और वह अर्द्धबेहोशी की स्थिति में पहुंच गई. इसके बाद डॉक्टर उसे बाइक से इंदिरा विकास कॉलोनी स्थित अपने फ्लैट पर ले गया.

शिकायत के अनुसार, फ्लैट पर डॉक्टर ने नर्स के साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद पीड़िता किसी तरह सोनीपत स्थित अपने घर पहुंची और पति को पूरी बात बताई. इसके बाद दोनों कुंडली थाने पहुंचे और डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.

कुंडली थाने से दिल्ली पुलिस तक पहुंचा मामला

घटना दिल्ली में होने के कारण कुंडली थाना पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की थी. बाद में मामला दिल्ली के मुखर्जी नगर थाने को भेज दिया गया. शनिवार को दिल्ली पुलिस ने जीरो एफआईआर को नियमित एफआईआर में बदलकर आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस जांच में सामने आया है कि डॉक्टर मोहित ने यूक्रेन के एक कॉलेज से MBBS किया है. भारत लौटने के बाद वह दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में सेवाएं देता रहा. फिलहाल वह संजय गांधी अस्पताल में अस्थायी तौर पर तैनात था और अन्य अस्पतालों में भी विजिट करता था.

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को पीड़िता के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए जाएंगे. इसके बाद मामले की जांच आगे बढ़ेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *